US-Iran War: अमेरिका और ईरान के बीच लंबे समय से जारी तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। दक्षिणी ईरान के कुहेस्ताक शहर में एक घर उस वक्त हमले की चपेट में आ गया, जब वहां शादी का समारोह चल रहा था। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, हमले में 5 लोगों की मौत हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
शादी समारोह के बीच हुआ हमला, घर में मची चीख-पुकार
ईरानी रेड क्रिसेंट की ओर से जारी एक वीडियो में हमले के बाद क्षतिग्रस्त घर दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम जिस मकान को निशाना बनाया गया, वहां शादी का कार्यक्रम चल रहा था। हमले के बाद मौके पर मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, मलबे में कई लोग फंस गए थे। राहत और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भेजा। घटना ने इलाके में पहले से बने तनाव को और बढ़ा दिया है।
(IRAN CRISIS: US-ISRAEL STRIKES IRAN)
BREAKING:
JUST IN
🔴 🇮🇱🇺🇸🇮🇷During the overnight US military strikes on Iran, several US missiles struck a wedding party in Kuhestak, southern Iran, killing six people and injuring 75 civilians, according to the Iranian Red Crescent.‼️ pic.twitter.com/IL9HI3pWgn
— Defensive Century (@Def_Century) September 1, 2026
बच्चों समेत कई घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
ईरानी मीडिया संस्था SSNTV ने अपने टेलीग्राम चैनल पर एक वीडियो साझा किया है। इसमें कथित तौर पर हमले में घायल कुछ बच्चों और एक व्यक्ति को मिनाब अस्पताल में उपचार कराते हुए दिखाया गया है। स्थानीय रिपोर्टों के मुताबिक, घायल लोगों की संख्या काफी ज्यादा है और कई लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। हालांकि, हमले में ड्रोन की भूमिका और निशाना बनाए गए मकान को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। ऐसे में घटना से जुड़ी पूरी तस्वीर स्वतंत्र रूप से स्पष्ट होना अभी बाकी है।
अमेरिका ने क्यों किया हमला? सामने आया ये दावा
अमेरिकी सेना ने मंगलवार को ईरान में कई ठिकानों पर कार्रवाई की। इसके बाद ईरान की ओर से भी मिसाइल और ड्रोन हमले किए जाने की जानकारी सामने आई। अमेरिकी सेंट्रल कमांड का कहना है कि उसकी कार्रवाई मध्य पूर्व में अमेरिकी सैनिकों और व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाने की कथित ईरानी कोशिशों के जवाब में की गई। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी फॉक्स न्यूज से बातचीत में कहा कि अमेरिकी सेना ने ईरान के रडार सिस्टम को निशाना बनाया था। दोनों पक्षों के दावों के बीच क्षेत्र में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है।
6 महीने से ज्यादा पुराना संघर्ष फिर भड़कने का खतरा
अमेरिका और ईरान के बीच चल रहा संघर्ष छह महीने से अधिक समय से रुक-रुककर जारी है। हाल में करीब एक महीने तक स्थिति अपेक्षाकृत शांत रही थी, लेकिन होर्मुज जलडमरूमध्य में रविवार को हुई घटनाओं के बाद तनाव फिर बढ़ गया। इसके बाद अमेरिकी कार्रवाई और ईरान की जवाबी कार्रवाई ने पूरे क्षेत्र में बड़े संघर्ष की आशंका पैदा कर दी है। पिछले दिनों यह माना जा रहा था कि अमेरिका ईरान पर सैन्य दबाव के बजाय आर्थिक प्रतिबंधों के जरिए दबाव बढ़ा सकता है। हालांकि, ताजा घटनाओं के बाद दोनों देशों के बीच तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता नजर आ रहा है।
Read More-यूपी में बारिश ने बढ़ाई टेंशन, उफन रहीं नदियां और बढ़ रहा बाढ़ का खतरा, जानें किन जिलों में अलर्ट








