चिली की राजधानी Santiago के रेंका इलाके में जनरल वेलास्केज़ एवेन्यू और रूट 5 नॉर्थ के चौराहे पर गुरुवार सुबह एक भीषण हादसा हो गया। लिक्विड गैस ले जा रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराया और पलट गया। कुछ ही पलों में वहां जहरीली गैस का घना बादल फैल गया और फिर जोरदार धमाका हुआ। इस दर्दनाक घटना में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसे का पूरा दृश्य पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया, जिसे देखकर लोगों की रूह कांप उठी।
कैसे हुआ विस्फोट और क्या था कारण?
यह टैंकर स्थानीय गैस कंपनी Gasco का था और इसमें ज्वलनशील लिक्विड गैस भरी हुई थी। ट्रैफिक और सड़क सुरक्षा अधिकारी जनरल विक्टर विएल्मा के अनुसार, ड्राइवर ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक पहले हाईवे की रेलिंग से टकराया और फिर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें से तेजी से गैस रिसने लगी और कुछ ही सेकंड में वह गैस हवा में फैलकर आग की चपेट में आ गई। मृतकों में टैंकर का ड्राइवर भी शामिल है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ब्रेक फेल हुए थे या कोई अन्य यांत्रिक खराबी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने सुनाई खौफनाक कहानी
हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि पहले उन्होंने धुएं का एक विशाल गुबार देखा। एक स्थानीय निवासी के मुताबिक, “लोग बिना कपड़ों के सड़क पर भाग रहे थे, कुछ के शरीर में आग लगी हुई थी और वे मदद के लिए चिल्ला रहे थे।” एक अन्य गवाह ने धमाके की आवाज को बम विस्फोट जैसा बताया। उसके अनुसार, आग की लपटें लगभग एक किलोमीटर तक ऊपर उठती दिखाई दीं। वीडियो में साफ दिखता है कि टैंकर कई लेन में फैला हुआ था और गैस का घना बादल आसपास खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले रहा था। लोग अपनी कारें छोड़कर जान बचाने के लिए भागते नजर आए।
🇨🇱 | Un video captó la explosión de un camión de gas en Renca, Chile. Las autoridades confirmaron un saldo trágico de cuatro fallecidos y 17 heridos. pic.twitter.com/bKOI9p0YbR
— Alerta Mundial (@AlertaMundoNews) February 20, 2026
50 गाड़ियां जलकर खाक, इमारतों तक पहुंची आग
कुछ ही सेकंड में गैस ने एक विशाल आग के गोले का रूप ले लिया। सीसीटीवी फुटेज में नारंगी और काले रंग की ऊंची लपटें दिखाई देती हैं और फिर कैमरा बंद हो जाता है। फायर ब्रिगेड के अनुसार, धमाके का असर 150 से 200 मीटर तक महसूस किया गया। कम से कम 50 गाड़ियां पूरी तरह जल गईं या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। आग की चपेट में आसपास की कुछ इमारतें भी आ गईं। सैंटियागो मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के गवर्नर Claudio Orrego ने बताया कि एक घायल व्यक्ति का शरीर 100 प्रतिशत तक जल चुका है और उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। प्रशासन ने इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है और हाईवे पर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।








