UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून लगातार सक्रिय बना हुआ है। शुक्रवार को नोएडा, लखनऊ, वाराणसी समेत कई जिलों में तेज बारिश हुई। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन कई जगह सड़कों पर पानी भरने से परेशानी भी हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार यानी 8 अगस्त को भी प्रदेश के 63 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा कुछ इलाकों में तेज हवा चलने की भी संभावना है।
इन दो जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने मिर्जापुर और सोनभद्र में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं झांसी, जालौन, हमीरपुर, महोबा और चंदौली में कई जगह बारिश होने की संभावना जताई गई है। नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और बागपत में सुबह से बादल छाए रहने की बात कही गई है, हालांकि इन जिलों में आज बड़ी बारिश की संभावना कम है। कुछ जगह हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने मौसम सिस्टम की वजह से बारिश का असर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में देखने को मिल रहा है।
इन जिलों में भी गरज-चमक के साथ हो सकती है बारिश
आज शामली, बुलंदशहर, आगरा, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर, ललितपुर, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज में कुछ जगह बारिश हो सकती है। इसके अलावा संत रविदास नगर, वाराणसी, महाराजगंज और कुशीनगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। लखनऊ, बाराबंकी, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, फर्रुखाबाद, कासगंज, बदायूं, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में भी हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। पूर्वी यूपी के अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अंबेडकरनगर, जौनपुर, गोरखपुर, देवरिया, मऊ, बलिया और आजमगढ़ में भी मौसम बदलने के आसार हैं।
13 अगस्त तक बारिश के आसार, तापमान में भी होगा बदलाव
मौसम विभाग के अनुसार यूपी में बारिश का सिलसिला अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है। 13 अगस्त तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ जगहों पर भारी बारिश का यलो अलर्ट भी जारी किया जा सकता है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को गर्मी और बारिश दोनों तरह के मौसम का सामना करना पड़ सकता है। बारिश के दौरान तेज हवा और बिजली चमकने की स्थिति में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी जाती है।
Read More-बाहर से आलीशान, अंदर से ऐसा हाल! 5-स्टार होटलों की रसोई का खुला चौकानें वाला राज








