UP IPS Transfer 2026: उत्तर प्रदेश में पुलिस विभाग में एक बार फिर बड़ा फेरबदल किया गया है। गुरुवार को जारी तबादला सूची में 9 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव में संभल के एसपी केके बिश्नोई, मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे और सुल्तानपुर की एसपी चारु निगम समेत कई अधिकारियों के नाम शामिल हैं। तबादले के बाद कई जिलों में नए पुलिस कप्तानों की तैनाती की गई है।
मेरठ SSP अविनाश पांडे का भी हुआ तबादला
तबादला सूची में मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे का नाम भी शामिल है। वह कुछ समय पहले एक प्रदर्शन के दौरान पुलिस वाहन में घुसकर एक प्रदर्शनकारी को थप्पड़ मारने के मामले के बाद चर्चा में आए थे। अब उन्हें पुलिस महानिदेशक मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक पद पर संबद्ध किया गया है। उनकी जगह BBGTS मूर्ति को मेरठ का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं सुल्तानपुर की एसपी चारु निगम को भी जिले से हटाकर यूपी 112 लखनऊ में पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
सुल्तानपुर, गोंडा और संभल में बदले कप्तान
सुल्तानपुर की नई जिम्मेदारी आईपीएस विनीत जायसवाल को दी गई है। वह इससे पहले गोंडा के एसपी थे। विनीत जायसवाल के तबादले के बाद बिजनौर के एसपी अभिषेक झा को गोंडा का नया एसपी बनाया गया है। वहीं संभल में भी नया पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। 2018 बैच के आईपीएस केके बिश्नोई को संभल एसपी के पद से हटाकर बिजनौर की कमान दी गई है। उनकी जगह विकास चंद्र त्रिपाठी को संभल का एसपी बनाया गया है। विकास चंद्र त्रिपाठी इससे पहले बाराबंकी में एसपी के पद पर तैनात थे।
झांसी और बलरामपुर को भी मिले नए SP
तबादला सूची में झांसी और बलरामपुर जिले भी शामिल हैं। आईपीएस विकास कुमार को बलरामपुर एसपी के पद से हटाकर झांसी का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं मार्तंड प्रकाश सिंह को बलरामपुर का नया एसपी बनाया गया है। वह इससे पहले हरदोई में अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात थे। इस फेरबदल के बाद प्रदेश के कई महत्वपूर्ण जिलों में पुलिस नेतृत्व बदल गया है। सरकार की ओर से जारी सूची के मुताबिक कुल 9 आईपीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
Read More-अस्पताल के बंद कमरों में क्या हुआ? इमरान खान की जेल वापसी के पीछे का असली सच!








