PRD Jawan: उत्तर प्रदेश के PRD (प्रांतीय रक्षक दल) स्वयंसेवकों के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। गोरखपुर में हुए PRD सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जवानों का दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ाने का ऐलान किया। अब PRD जवानों को 500 रुपये की जगह 600 रुपये प्रतिदिन ड्यूटी भत्ता मिलेगा। सरकार के मुताबिक, पहले लंबे समय तक यह भत्ता 250 रुपये प्रतिदिन था। 2019 में इसे 375 रुपये, 2022 में 395 रुपये और 2025 में 500 रुपये किया गया था। अब इसमें 100 रुपये की और बढ़ोतरी की गई है। सीएम योगी ने कहा कि PRD जवान पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कानून-व्यवस्था, यातायात, चुनाव और दूसरे जरूरी कामों में अहम भूमिका निभाते हैं।
जवानों और परिवार को हर साल 5 लाख तक कैशलेस इलाज
मुख्यमंत्री ने PRD जवानों के लिए कैशलेस चिकित्सा योजना भी शुरू की। इसके तहत प्रदेश के 31 हजार से ज्यादा PRD स्वयंसेवकों और उनके परिवार के सदस्यों को हर साल 5 लाख रुपये तक मुफ्त कैशलेस इलाज की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा सरकारी और सरकार से जुड़े सूचीबद्ध अस्पतालों में मिल सकेगी। परिवार को जोड़ने के बाद इस योजना का फायदा करीब 1.55 लाख लोगों को मिलने की बात कही गई है। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 10 PRD स्वयंसेवकों को कैशलेस मेडिकल कार्ड भी दिए। इस योजना से जवानों को इलाज के खर्च की चिंता से राहत मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में 23 करोड़ से बनेगा नया बैरक, बजट भी बढ़ा
PRD जवानों के लिए सरकार ने लखनऊ में करीब 23 करोड़ रुपये की लागत से बहुमंजिला बैरक बनाने का भी फैसला किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर से इसका शिलान्यास किया। सरकार का कहना है कि नए बैरक से जवानों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं PRD का बजट भी पिछले कुछ वर्षों में काफी बढ़ा है। राज्यमंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर के अनुसार, 2017 से पहले PRD का बजट करीब 23 करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 543 करोड़ रुपये हो गया है। PRD जवानों की ड्यूटी महाकुंभ, दीपोत्सव, रंगोत्सव, चुनाव, यातायात व्यवस्था और आपदा के समय राहत कार्यों में भी लगाई जाती है। सरकार का कहना है कि जवानों की बढ़ती जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी सुविधाओं में सुधार किया जा रहा है।
Read More-275 किलो के 16 साल के किशोर की हुई सर्जरी, कैसै कम हुआ 50 किलो वजन कम? डॉक्टर भी रह गए हैरान








