Weather Today: देश में मानसून की वापसी शुरू हो चुकी है, लेकिन कई इलाकों में बारिश का सिलसिला अभी जारी है। मौसम विभाग ने 7 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं की रफ्तार 65 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। पहाड़ी राज्यों में भी बारिश के साथ मौसम का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में बादल छाए रहेंगे, बारिश के आसार कम
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। हालांकि दिल्ली में बारिश की संभावना फिलहाल कम बताई गई है। वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में मौसम करवट ले सकता है। आजमगढ़, अयोध्या, गोरखपुर, प्रयागराज, हरदोई, उन्नाव, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, रायबरेली और अमेठी समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है।
बिहार से राजस्थान तक कई राज्यों में आंधी-बारिश
बिहार के कई हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। झारखंड में आज और कल मौसम खराब रह सकता है। पंजाब और हरियाणा के कुछ इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। राजस्थान में हल्की बारिश के साथ हवाओं का असर देखने को मिल सकता है। मध्य प्रदेश में भी कई जगहों पर आंधी और बारिश का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है। लोगों को खासकर खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
पहाड़ों से दक्षिण भारत तक बारिश का असर
पूर्वोत्तर राज्यों में भी बारिश का दौर जारी रहने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में आने वाले दिनों में कई जगह बारिश हो सकती है, जबकि नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश की संभावना बनी हुई है। दक्षिण भारत में तटीय आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और केरल के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में भारी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी है। हिमाचल प्रदेश के कई जिलों और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों की यात्रा करने वालों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
Read More-हरमनप्रीत के बाद किसे मिली टीम इंडिया की कमान? BCCI ने किया ऑल फॉर्मेट कप्तान का ऐलान







