गोरखपुर से बीजेपी सांसद और भोजपुरी अभिनेता रवि किशन (Ravi Kishan) कुछ समय पहले अपने मौन व्रत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए थे। खास बात यह रही कि उन्होंने इस दौरान कुछ नहीं कहा, लेकिन उनका अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब रवि किशन (Ravi Kishan) ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि वह Gen-Z की क्रिएटिविटी को सलाम करते हैं। उनके मुताबिक, युवाओं ने उनके मौन रहने के अंदाज को अपने तरीके से पेश किया और उन्हें खूब प्यार दिया। रवि किशन ने कहा कि वह करीब 34-35 साल से अपनी पहचान बनाने के लिए मेहनत कर रहे हैं और उन्हें अंदाजा नहीं था कि बिना कुछ बोले भी वह इतने ज्यादा चर्चा में आ जाएंगे।
योगी आदित्यनाथ की चुटकी को बताया महादेव का आशीर्वाद
रवि किशन (Ravi Kishan) के मौन व्रत को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मजाकिया अंदाज में उनकी चुटकी ली थी। इस पर रवि किशन ने नाराजगी जताने के बजाय इसे महादेव का आशीर्वाद बताया। उन्होंने कहा कि जब महादेव का डमरू बजता है तो चीजें इसी तरह होती हैं। उन्होंने समय की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि कई बार इंसान कुछ अलग करता है तो लोग उसी को खास अंदाज में देखने लगते हैं। रवि किशन ने कहा कि मौन व्रत के दौरान उन्हें लोगों से जिस तरह का प्यार मिला, उससे वह काफी प्रभावित हैं। उन्होंने Gen-Z को इसका श्रेय देते हुए कहा कि युवाओं ने उनके अंदाज को एक नई दिशा दी।
ब्राह्मणों को लेकर बोले- इतिहास खोलेंगे तो बहुत कुछ सामने आएगा
ब्राह्मण समाज को लेकर बीजेपी से नाराजगी के सवाल पर भी रवि किशन (Ravi Kishan) ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि ब्राह्मणों के खिलाफ या उनके समर्थन में बोलना आसान है, लेकिन अगर इतिहास देखा जाए तो कई बातें सामने आती हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के शासनकाल का भी जिक्र किया। रवि किशन ने ब्राह्मण समाज की आबादी का उल्लेख करते हुए कहा कि यह संख्या में छोटा जरूर है, लेकिन इसका योगदान महत्वपूर्ण है। उन्होंने ब्राह्मणों को धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ा समाज बताते हुए कहा कि इस समुदाय को केवल राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
अखिलेश यादव के PDA वाले ‘P’ पर भी साधा निशाना
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से PDA के ‘P’ को ब्राह्मण से जोड़ने के बयान पर भी रवि किशन (Ravi Kishan) ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज कोई ऐसी चीज नहीं है जिसे चुनाव के समय किसी एक अक्षर या नारे से प्रभावित किया जा सके। रवि किशन के मुताबिक, ब्राह्मण समाज अपने फैसले खुद लेता है और केवल राजनीतिक घोषणाओं से उसका रुख नहीं बदलेगा। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण राष्ट्रभक्ति, सनातन परंपरा, महिलाओं की सुरक्षा और देश के भविष्य जैसे मुद्दों को महत्व देता है। उनका कहना था कि समाज उसी के साथ खड़ा होगा जो इन विषयों को प्राथमिकता देगा।
Read more-Blinkit के स्टोर में मिला ऐसा सामान कि FDA ने लिया बड़ा एक्शन, लाइसेंस किया सस्पेंड








