‘उन्होंने तो हमें तलाक दे दिया…’ 22 जुलाई को लेकर राजभर का वो खौफनाक दावा, जिससे दहल उठी सपा!

उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानों के तीखे तीर चलना कोई नई बात नहीं है, लेकिन सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के मुखिया और सूबे के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने इस बार जो दावा किया है, उसने राजनीतिक गलियारों में खलबली मचा दी है। बलिया में आयोजित भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के एक जन संवाद कार्यक्रम में मंच संभालते ही राजभर ने सीधे समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर मोर्चा खोल दिया। उन्होंने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि आगामी 22 जुलाई से शुरू होने जा रहे विधानसभा के मानसून सत्र के बाद समाजवादी पार्टी पूरी तरह से टूट जाएगी। राजभर का यह दावा साधारण नहीं है, क्योंकि उन्होंने इसके पीछे उन विपक्षी दलों का उदाहरण दिया जो अतीत में महिला आरक्षण बिल का विरोध करने के बाद बिखराव का शिकार हो चुके हैं।

‘तलाक’ का दर्द और 2027 का सियासी गणित

जब मंच से राजभर से पूछा गया कि वह अखिलेश यादव पर इतने हमलावर क्यों रहते हैं, तो उन्होंने बेहद चुटीले लेकिन तल्ख अंदाज में दिल का गुबार निकाला। राजभर ने कहा, “लोग कहते हैं कि मैं अखिलेश के खिलाफ बहुत बोलता हूँ, लेकिन सच तो यह है कि उन्होंने हमें तलाक दे दिया है। जब कोई ऐसा करता है, तो सामने आने पर गुस्सा आना स्वाभाविक है।” इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस और सपा को ‘दगे हुए कारतूस’ की संज्ञा दे डाली। राजभर ने सपा के इतिहास की याद दिलाते हुए कहा कि 2017 में सपा महज 47 सीटों पर सिमट गई थी, और अगर 2027 के विधानसभा चुनाव में वह 27 सीटें भी बचा ले, तो यह उसकी बहुत बड़ी जीत मानी जाएगी। उन्होंने साफ किया कि चुनाव का बिगुल बजते ही उत्तर प्रदेश की असल तस्वीर सबके सामने आ जाएगी।

‘बाली’ अवतार और विपक्ष को ‘100 डिग्री का बुखार’

अपने अनोखे और देसी अंदाज के लिए मशहूर ओमप्रकाश राजभर ने खुद की तुलना रामायण के शक्तिशाली पात्र ‘बाली’ से कर दी। उन्होंने दावा किया कि जिस तरह बाली के सामने आते ही दुश्मन का आधा बल खत्म हो जाता था, ठीक उसी तरह उन्हें देखते ही विपक्षियों को ‘100 डिग्री का बुखार’ चढ़ जाता है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि विरासत में किसी को सत्ता तो मिल सकती है, लेकिन बुद्धि और समझ नहीं मिलती। अखिलेश यादव की कार्यशैली पर सीधा प्रहार करते हुए राजभर ने कहा कि जब तक सपा प्रमुख अपने वातानुकूलित (एसी) कमरों में बैठकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की तैयारी करते हैं या सोकर उठने के बाद सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हैं, तब तक वह खुद जमीन पर उतरकर चार जिलों का तूफानी दौरा पूरा कर चुके होते हैं।

दिन में दुश्मनी, रात में दोस्ती: राजभर का बड़ा खुलासा

इस जनसभा में राजभर यहीं नहीं रुके, उन्होंने यादव परिवार के भीतर की कथित रणनीतियों पर से भी पर्दा उठाने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव सिर्फ जनता को दिखाने के लिए दिन में बीजेपी के खिलाफ आग उगलते हैं, जबकि रात के अंधेरे में वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुलदस्ता भेंट करने पहुंच जाते हैं। राजभर ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि रामगोपाल यादव ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को बकायदा एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार को जेल न भेजने और सुरक्षा मुहैया कराने की गुहार लगाई थी। उन्होंने कहा कि जो अंदर से कमजोर होता है, वह एक न एक दिन जरूर टूटता है और सपा का भी यही हश्र होने वाला है।

Read more-Video: घर में घुसकर महिला के साथ अश्लील हरकत पर पुलिस का एक्शन, डिलीवरी बॉय को किया गिरफ्तार

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img