Amazon पर राम मंदिर प्रसाद के नाम पर ऐसा क्या बिक रहा था? CCPA ने लगाया 1 लाख का जुर्माना

Amazon News: ऑनलाइन शॉपिंग प्लेटफॉर्म अमेजन पर श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद के नाम से प्रोडक्ट बेचने के मामले में केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने बड़ी कार्रवाई की है। प्राधिकरण ने अमेजन पर 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। CCPA के मुताबिक, प्लेटफॉर्म पर सामान्य मिठाइयों को ऐसे नाम से बेचा जा रहा था, जिससे ग्राहकों को यह लग सकता था कि ये अयोध्या के राम मंदिर का असली प्रसाद है। प्राधिकरण ने इसे उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाला तरीका माना है।

बिना अनुमति ‘राम मंदिर प्रसाद’ के नाम से बिक्री

CCPA के 4 अगस्त 2026 को जारी 19 पेज के आदेश के मुताबिक, अमेजन पर चार तरह के मिठाई प्रोडक्ट ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ के नाम से उपलब्ध कराए जा रहे थे। इनकी कीमत करीब 299 से 385 रुपये के बीच बताई गई थी। प्राधिकरण ने कहा कि ‘श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद’ नाम श्रद्धालुओं के लिए सामान्य मिठाई से अलग अर्थ रखता है। इससे ग्राहक यह समझ सकता है कि यह वही प्रसाद है जो अयोध्या स्थित राम मंदिर में भगवान को चढ़ाया गया है और फिर श्रद्धालुओं को मिला है। CCPA के अनुसार, संबंधित मंदिर ट्रस्ट की अनुमति के बिना किसी सामान्य मिठाई को इस तरह पेश करना ग्राहकों को भ्रमित कर सकता है।

शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई

यह मामला Confederation of All India Traders (CAIT) की ओर से 19 जनवरी 2024 को की गई शिकायत के बाद सामने आया था। शिकायत मिलने के बाद CCPA ने उसी दिन अमेजन को कारण बताओ नोटिस जारी किया। अमेजन ने अपनी सफाई में खुद को एक ऑनलाइन मार्केटप्लेस बताते हुए सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 79 के तहत मिली सुरक्षा का हवाला दिया। हालांकि, CCPA ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। प्राधिकरण ने कहा कि ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म की उपभोक्ता सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियां बनी रहती हैं। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित प्रोडक्ट बेचने वाले की जानकारी ग्राहकों को पर्याप्त रूप से दिखाई नहीं जा रही थी और शिकायत दर्ज करने की प्रक्रिया में लॉगिन की जरूरत थी।

करोड़ों की बिक्री, अमेजन को मिली सर्विस फीस

जांच में सामने आया कि इन चार प्रोडक्ट की कुल बिक्री करीब 25.26 लाख रुपये की हुई थी। वहीं, अमेजन को इन बिक्री से करीब 15,165.90 रुपये सर्विस फीस के रूप में मिले। CCPA ने अपने आदेश में अमेजन को निर्देश दिया है कि किसी धार्मिक संस्था या मंदिर के नाम पर प्रसाद, प्रसादम, महाप्रसाद या इसी तरह के धार्मिक उत्पाद संबंधित संस्था की अनुमति के बिना प्लेटफॉर्म पर नहीं बेचे जाएं। इस कार्रवाई का मकसद धार्मिक नामों के इस्तेमाल से होने वाली संभावित भ्रामक बिक्री पर रोक लगाना और ऑनलाइन खरीदारी करने वाले ग्राहकों के हितों की सुरक्षा करना है।

Read More-‘आरक्षण हटाओ आंदोलन’ को लेकर दिल्ली में हलचल, जंतर-मंतर पहुंचने लगे लोग; पुलिस ने कही ये बात

 

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img