गुरुग्राम हिट एंड रन केस में बड़ा अपडेट, राजस्थान से पकड़ा गया आरोपी; अब खुलेगा टक्कर का राज?

गुरुग्राम के गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक राइडर को कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के आरोपी कल्याण बैसला को राजस्थान के दौसा से हिरासत में लिया है। आरोपी को पकड़ने के लिए गुरुग्राम पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची थी। अब पुलिस उसे गुरुग्राम लाकर पूछताछ करेगी। जांच में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि आखिर महिला की बाइक को टक्कर क्यों मारी गई और घटना के बाद आरोपी मौके से क्यों फरार हुआ।

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस

यह घटना रविवार 13 सितंबर की सुबह गोल्फ कोर्स रोड पर हुई थी। महिला बाइक राइडर सिया अपने दोस्तों के साथ बाइक राइड पर निकली थीं। इसी दौरान कार सवार युवक ने उन्हें रुकने का इशारा किया। आरोप है कि सिया के नहीं रुकने पर कार चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सिया सड़क पर गिर गईं। बताया जा रहा है कि पूरी घटना बाइक पर लगे एक्शन कैमरे में रिकॉर्ड हो गई थी। बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद मामले ने तेजी से तूल पकड़ लिया।

CCTV खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस

वीडियो सामने आने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और सेक्टर-56 थाने में केस दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। वायरल वीडियो और CCTV फुटेज की जांच के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 109 यानी हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा भी जोड़ी। इसके बाद आरोपी की तलाश में पुलिस टीम राजस्थान पहुंची और दौसा से कल्याण बैसला को हिरासत में ले लिया।

अब पूछताछ में सामने आएगी पूरी कहानी

आरोपी के पकड़े जाने के बाद पुलिस अब उससे घटना को लेकर विस्तार से पूछताछ करेगी। पूछताछ में टक्कर मारने की वजह, घटना से पहले क्या हुआ था और वारदात के बाद आरोपी के फरार होने की वजह जानने की कोशिश होगी। पुलिस वायरल वीडियो, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है। आरोपी को गुरुग्राम लाने के बाद पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करेगी।

Read More-बच्चों की सुरक्षा पर Meta का ये बड़ा फैसला, भारत सरकार के सामने झुका सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म

 

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img