पंजाब के लुधियाना से ठगी और सम्मोहन का एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने दुकानदारों के होश उड़ा दिए हैं। ताजपुर रोड पर स्थित एक ज्वैलरी शोरूम में पहुंचे एक ढोंगी बाबा ने महज 10 मिनट के भीतर ऐसा जाल बिछाया कि दुकान पर बैठा युवक उसकी हर बात मानने को मजबूर हो गया। बातों के जादू और तंत्र-मंत्र के झांसे में लेकर शातिर बाबा दुकान से एक लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने और डायमंड के गहने लेकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद से पूरे बाजार में दहशत और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
अकेले बैठे युवक को बनाया निशाना और दूर करने लगे दुख-दर्द
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी वारदात सोमवार दोपहर के वक्त घटी जब सी.जे. ज्वैलर्स के मालिक किसी जरूरी काम से बाजार गए हुए थे। उस दौरान दुकान पर उनके दोस्त मनीष अकेले बैठे थे। इसी बीच एक संदिग्ध बाबा दुकान के अंदर दाखिल हुआ और मनीष से बातचीत शुरू कर दी। शातिर बाबा ने बड़े ही शालीन तरीके से उसके जीवन के सारे दुख-दर्द और संकट हमेशा के लिए खत्म करने का झांसा दिया। आरोप है कि बाबा ने उसे कुछ ऐसा सुंघाया या दिया, जिसके असर से मनीष कुछ ही पलों में हिप्नोटाइज हो गया और पूरी तरह बाबा के नियंत्रण में आ गया।
10 मिनट के सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ ठगी का पूरा खेल
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में इस पूरी ठगी का खौफनाक और हैरान करने वाला खेल साफ-साफ कैद हुआ है। वीडियो फुटेज में नजर आ रहा है कि बाबा के कहने पर मनीष ने काउंटर से सोने और डायमंड के कोके (नोज पिन) बाहर निकाले। इसके बाद बाबा ने वे गहने अपने हाथ में लिए और मनीष को वापस देकर मुट्ठी बंद करने के लिए कहा। फिर बाबा ने कुछ मंत्र बुदबुदाते हुए उसकी बंद मुट्ठी पर फूंक मारी और अपने गले में पड़ा कपड़ा उसके ऊपर से घुमाया। इसी बीच उसने बातों में उलझाकर एक महंगी सोने की अंगूठी भी निकलवा ली और मौके से चंपत हो गया।
होश आने पर हुआ ठगी का अहसास, पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
बाबा के दुकान से निकलने के कुछ देर बाद जब मनीष का सम्मोहन टूटा और उसने अपने हाथ व काउंटर की तरफ देखा, तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। उसे समझ आ गया कि उसके साथ बहुत बड़ी ठगी हो चुकी है और गहने गायब हो चुके हैं। जब दुकान के बाहर का सीसीटीवी खंगाला गया, तो पता चला कि वारदात के वक्त बाहर बाबा का एक अन्य साथी भी मुस्तैदी से निगरानी कर रहा था। फिलहाल, पीड़ित पक्ष की शिकायत पर स्थानीय थाने की पुलिस ने फुटेज को कब्जे में ले लिया है और दोनों शातिर ठगों की तलाश में जुटी हुई है।
Read more-झांसी में हॉकी खेलने आईं नाबालिग खिलाड़ियों के साथ ऐसा सलूक! तीन दिन तक रहने-खाने को तरसीं बेटियां







