उत्तर प्रदेश के वाराणसी में क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। गंजारी में बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इस स्टेडियम को भगवान शिव की नगरी काशी की पहचान से जोड़कर तैयार किया गया है। यहां की वास्तुकला से लेकर छत और फ्लडलाइट तक में शिव से जुड़ी झलक देखने को मिलती है। स्टेडियम में 30 हजार से ज्यादा दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस प्रोजेक्ट में लगभग 120 करोड़ रुपये जमीन अधिग्रहण पर खर्च किए गए हैं।
बारिश के बाद 25 मिनट में खेलने लायक होगा मैदान
इस स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत इसका आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम बताया जा रहा है। आमतौर पर बारिश रुकने के बाद क्रिकेट मैदान को दोबारा खेलने लायक बनाने में काफी समय लग जाता है। लेकिन काशी के इस स्टेडियम में पानी निकालने की विशेष व्यवस्था की गई है। दावा है कि 100 मिलीमीटर तक बारिश होने के बाद भी मैदान का पानी करीब 20 से 25 मिनट में निकाला जा सकेगा। इससे मैच दोबारा शुरू करने में ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगर यह तकनीक अपने दावे के मुताबिक काम करती है तो यह मैदान देश के चुनिंदा आधुनिक क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल हो सकता है।
त्रिशूल की फ्लडलाइट और डमरू जैसा मीडिया सेंटर
स्टेडियम की डिजाइन में भगवान शिव से जुड़ी कई आकृतियों को जगह दी गई है। यहां छह त्रिशूल के आकार के फ्लडलाइट टावर बनाए गए हैं, जिनकी ऊंचाई करीब 65 मीटर है। छत पर अर्धचंद्राकार डिजाइन और बाहरी हिस्से में बेलपत्र जैसी आकृतियां दिखाई देंगी। मीडिया सेंटर को डमरू का आकार दिया गया है, जबकि दर्शकों के बैठने की व्यवस्था काशी के प्रसिद्ध घाटों से प्रेरित है। मैदान में नौ क्रिकेट पिच और अभ्यास के लिए अलग से पांच पिच बनाई गई हैं। खिलाड़ियों के लिए जिम और जकूजी जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
2500 गाड़ियों की पार्किंग, उद्घाटन की तारीख का इंतजार
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम में छह प्रवेश द्वार बनाए गए हैं। खिलाड़ियों के लिए अलग गेट की व्यवस्था है। यहां दो मंजिलों पर कुल 32 कॉर्पोरेट बॉक्स बनाए गए हैं। इसके अलावा बिजली के लिए अलग पावर सबस्टेशन और जनरेटर की सुविधा भी रखी गई है। फिलहाल करीब 1500 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था है, जिसे बढ़ाकर 2500 तक किया जा सकता है। पूरे परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से होगी। अभी स्टेडियम में फिनिशिंग का काम चल रहा है। बीसीसीआई और यूपीसीए के निरीक्षण के बाद उद्घाटन की तारीख तय होने की उम्मीद है। ऐसे में अब काशी के क्रिकेट प्रेमियों को इसके पहले अंतरराष्ट्रीय मुकाबले का इंतजार है।







