राजस्थान के जोधपुर से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें घर से शादी करने के इरादे से निकले एक युवक और नाबालिग किशोरी की एक छोटी सी लापरवाही ने उन्हें मुश्किल में डाल दिया। दोनों अपने साथ 10.76 लाख रुपये नकद और कीमती सामान से भरा बैग लेकर निकले थे। सफर के दौरान मेड़ता रोड स्टेशन पर दोनों ट्रेन से उतर गए, लेकिन बातचीत में इतने व्यस्त हो गए कि ट्रेन के रवाना होने के बाद उन्हें याद आया कि उनका बैग कोच में ही छूट गया है। इसके बाद उन्होंने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) से संपर्क किया। RPF ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैग को नागौर स्टेशन पर बरामद कर लिया।
ट्रेन चली गई तो याद आया लाखों का बैग
जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवक और उसकी 17 साल 8 महीने की किशोरी जोधपुर से ट्रेन संख्या 19407 साबरमती-लालगढ़ एक्सप्रेस के सामान्य कोच में सवार हुए थे। दोनों कथित तौर पर परिवार को बताए बिना शादी के इरादे से घर से निकले थे। मेड़ता रोड स्टेशन पर दोनों ट्रेन से नीचे उतर गए, लेकिन बातचीत में उनका ध्यान इतना भटका कि ट्रेन कब स्टेशन से रवाना हो गई, इसका उन्हें पता ही नहीं चला। ट्रेन के आगे निकल जाने के बाद उन्हें अपना काला बैग याद आया, जो सीट के पास ही छूट गया था। बैग में भारी मात्रा में नकदी और अन्य सामान होने के कारण दोनों ने तुरंत RPF को इसकी सूचना दी।
RPF ने नागौर में ट्रेन रोककर शुरू की तलाश
बैग छूटने की जानकारी मिलते ही मेड़ता रोड RPF पोस्ट ने आगे के स्टेशन नागौर की RPF टीम को सूचना देकर बैग तलाशने के लिए कहा। ट्रेन के नागौर पहुंचते ही हेड कांस्टेबल भूरामल और उनकी टीम सामान्य कोच में पहुंची। जवानों ने यात्रियों से पूछताछ की और सीटों के आसपास तलाशी शुरू की। इसी दौरान वह काला बैग मिल गया। इसके बाद नागौर स्टेशन के बुकिंग कार्यालय में RPF सब-इंस्पेक्टर रमेश कुमार और GRP हेड कांस्टेबल नाथूलाल की मौजूदगी में बैग की जांच की गई। बैग में 10 लाख 76 हजार 30 रुपये नकद मिले। इसके अलावा चार धातु के सिक्के, दो बिछिया, एक घुघरी और सोने जैसी धातु की चार लांग भी मिलीं।
बैग में iPhone से लेकर जरूरी दस्तावेज तक मौजूद
सुरक्षाकर्मियों को बैग से iPhone 15 Pro, स्मार्टवॉच, पावर बैंक, चार्जर और मोबाइल का 67,150 रुपये का बिल भी मिला। इसके अलावा युवक के आधार कार्ड और शैक्षणिक दस्तावेज भी बैग में रखे थे। पूछताछ में युवक ने अपना नाम शिवा बताया और वह जोधपुर के बासनी निकुबा क्षेत्र का रहने वाला बताया गया। दोनों युवक और किशोरी एक ही स्कूल में पढ़ते हैं। लाखों रुपये और सामान लेकर दोनों के अचानक घर से गायब होने के बाद उनके परिवार वालों ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने संभाला मामला
युवक के लापता होने की शिकायत डांगियावास थाने में, जबकि किशोरी की गुमशुदगी की रिपोर्ट बनाड़ थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद बनाड़ थाने के उप निरीक्षक पुखराज अपनी टीम के साथ मेड़ता रोड RPF पोस्ट पहुंचे। जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद RPF ने बरामद किया गया नकदी और सामान से भरा बैग पुलिस को सौंप दिया। साथ ही दोनों को भी पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस तरह ट्रेन में छूटा लाखों रुपये का बैग समय रहते बरामद हो गया और एक बड़ी परेशानी टल गई।








