Mohammad Amir: पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार वजह उनकी गेंदबाजी नहीं, बल्कि ब्रिटिश नागरिकता है। नागरिकता मिलने के बाद क्रिकेट जगत में यह सवाल तेजी से उठने लगा कि क्या अब आमिर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलते नजर आएंगे। दरअसल, पाकिस्तान के खिलाड़ियों पर लंबे समय से IPL में खेलने पर रोक है, लेकिन किसी दूसरे देश की नागरिकता हासिल करने वाले कुछ पाकिस्तानी मूल के खिलाड़ी पहले इस लीग का हिस्सा रह चुके हैं। ऐसे में आमिर का नाम भी चर्चा में आ गया। हालांकि अब इस पूरे मामले पर खुद मोहम्मद आमिर ने अपनी प्रतिक्रिया दी है और अपनी प्राथमिकता साफ कर दी है।
IPL पर क्या बोले मोहम्मद आमिर?
‘द हंड्रेड’ लीग के दौरान जब मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) से IPL में खेलने की संभावना को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि फिलहाल उन्होंने इस बारे में कोई फैसला नहीं लिया है। आमिर ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता अभी भी पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) है। उन्होंने यह भी बताया कि 2027 में वह PSL में विदेशी खिलाड़ी के तौर पर हिस्सा लेंगे। आमिर के इस बयान से साफ है कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान पाकिस्तान सुपर लीग पर है और IPL में खेलने को लेकर उन्होंने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। हालांकि ब्रिटिश नागरिक बनने के बाद वह नियमों के अनुसार IPL नीलामी में नाम दर्ज कराने के योग्य माने जा रहे हैं।
ब्रिटिश नागरिकता के बाद बदले कई समीकरण
मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) अब इंग्लैंड की घरेलू लीग ‘द हंड्रेड’ में स्थानीय खिलाड़ी की तरह खेल रहे हैं। पहले वह इस प्रतियोगिता में विदेशी खिलाड़ी के रूप में शामिल होते थे। दूसरी ओर, पाकिस्तान सुपर लीग में अब उन्हें विदेशी खिलाड़ी के रूप में गिना जाएगा। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि नागरिकता बदलने के बाद उनके लिए कई नई लीगों के दरवाजे खुल सकते हैं। इससे पहले पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर अजहर महमूद भी ब्रिटिश नागरिकता लेने के बाद IPL में खेल चुके हैं। उन्होंने पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया था। इसी वजह से आमिर के IPL में खेलने की चर्चा भी लगातार हो रही है।
शानदार करियर, लेकिन IPL में फैसला अभी बाकी
34 वर्षीय मोहम्मद आमिर (Mohammad Amir) पाकिस्तान के सबसे चर्चित तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने पाकिस्तान के लिए 36 टेस्ट, 61 वनडे और 62 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और तीनों प्रारूपों में कुल 270 से ज्यादा विकेट अपने नाम किए। जून 2024 में आयरलैंड के खिलाफ उन्होंने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था, जिसके बाद टी20 विश्व कप के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। अब वह दुनिया की अलग-अलग टी20 लीगों में खेल रहे हैं। हालांकि IPL 2027 में उनके खेलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को इंतजार रहेगा कि क्या आमिर भविष्य में दुनिया की सबसे बड़ी टी20 लीग में अपना नाम दर्ज कराते हैं या फिर PSL को ही अपनी पहली पसंद बनाए रखते हैं।
Read More-परिसीमन बिल पर सरकार को राहुल गांधी का साफ जवाब! बोले- पहले हमारी ये मांग पूरी करें








