Mark Wood Retirement: इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 36 साल की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। वुड ने मंगलवार, 22 सितंबर को सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार चोटों और मेडिकल सलाह के बाद उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। वुड के मुताबिक अब उनके लिए टेस्ट और 50 ओवर का क्रिकेट खेलना संभव नहीं है। इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट में खेलने वाले वुड का अंतरराष्ट्रीय सफर करीब 11 साल तक चला। 2015 में डेब्यू करने के बाद उन्होंने अपनी तेज गेंदबाजी से टीम के लिए कई अहम मुकाबले खेले।
तीनों फॉर्मेट में छोड़ी अपनी छाप
मार्क वुड ने इंग्लैंड के लिए कुल 146 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले। इनमें 38 टेस्ट, 70 वनडे और 38 टी20 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। टेस्ट क्रिकेट में उनके नाम 119 विकेट हैं, जबकि वनडे में उन्होंने 80 बल्लेबाजों को आउट किया। टी20 इंटरनेशनल में वुड ने 54 विकेट हासिल किए। लगातार चोटों के बावजूद उन्होंने कई बार मैदान पर वापसी की और इंग्लैंड के लिए अपना योगदान दिया। अपने 11 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में वुड ने इंग्लैंड के साथ विश्व कप और चार एशेज सीरीज में हिस्सा लिया। तेज रफ्तार गेंदबाजी उनकी पहचान रही और वह टीम के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे।
View this post on Instagram
मेडिकल सलाह ने बदला करियर का रास्ता
संन्यास की जानकारी देते हुए वुड ने कहा कि उन्होंने हमेशा चोटों से वापसी करने और खुद को साबित करने की कोशिश की। हालांकि इस बार मेडिकल सलाह के कारण उनके लिए टेस्ट और वनडे क्रिकेट जारी रखना संभव नहीं रहा। उन्होंने इंग्लैंड के लिए खेलना अपने जीवन का सबसे बड़ा सम्मान बताया। वुड ने कहा कि देश के लिए खेलना उनका सपना था और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में जाकर बड़े खिलाड़ियों के खिलाफ मुकाबला करना उनके करियर का खास हिस्सा रहा। अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से उनका अध्याय समाप्त हो गया है। 146 मैचों का यह सफर यादगार आंकड़ों और कई मुश्किल वापसी के साथ खत्म हुआ।







