देश में अब तक चार राष्ट्रीय परिसीमन आयोग गठित किए जा चुके हैं। पहला आयोग 1952 में बना था, जिसने 1951 की जनगणना के आधार पर लोकसभा की 498 सीटें तय की थीं। इसके बाद 1963 में बने दूसरे आयोग ने लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 522 कर दी। तीसरे आयोग का गठन 1973 में हुआ और 1971 की जनगणना के आधार पर सीटें बढ़ाकर 543 कर दी गईं। साल 2002 में गठित चौथे आयोग ने 2001 की जनगणना के आधार पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में बदलाव किया, लेकिन लोकसभा सीटों की संख्या पहले जैसी ही रखी। इस आयोग को अपनी रिपोर्ट देने में करीब पांच साल लगे थे। ऐसे में नए परिसीमन आयोग के सामने 2029 से पहले काम पूरा करने की बड़ी चुनौती होगी।
कौन संभालेगा परिसीमन आयोग की कमान?
परिसीमन आयोग की अध्यक्षता सुप्रीम कोर्ट के सेवानिवृत्त न्यायाधीश को सौंपे जाने का प्रावधान है। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त या उनके नामित चुनाव आयुक्त के साथ संबंधित राज्य के चुनाव आयुक्त भी शामिल होंगे। इसके अलावा हर राज्य में 10 सहयोगी सदस्य रखे जाने की व्यवस्था है। इनमें पांच सांसदों को लोकसभा अध्यक्ष और पांच विधायकों को संबंधित विधानसभा अध्यक्ष नामित करेंगे। हालांकि इन सदस्यों को आयोग की अंतिम रिपोर्ट पर वोट देने या हस्ताक्षर करने का अधिकार नहीं होगा। उनकी भूमिका सुझाव देने तक सीमित रहेगी। यही व्यवस्था अब राजनीतिक बहस का विषय बनी हुई है।
विपक्ष को क्यों सता रहा है सरकार के नियंत्रण का डर?
कांग्रेस और दूसरे विपक्षी दलों को आशंका है कि आयोग की प्रक्रिया पर केंद्र सरकार का प्रभाव रह सकता है। राहुल गांधी भी आरोप लगा चुके हैं कि सरकार ने निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं को लेकर पहले से तैयारी कर रखी है। विपक्ष के सवालों के बीच यह भी महत्वपूर्ण है कि परिसीमन आयोग के फैसलों को अदालत में चुनौती देने का रास्ता बेहद सीमित है और उसके आदेशों को अंतिम माना जाता है। जम्मू-कश्मीर और असम में हुए परिसीमन को लेकर भी विपक्ष पहले सवाल उठाता रहा है। ऐसे में नए आयोग की नियुक्ति और उसके कामकाज पर सभी राजनीतिक दलों की नजर रहेगी।
परिसीमन के बाद ‘एक देश, एक चुनाव’ की तैयारी?
सरकार के सामने सबसे बड़ी चुनौती तय समय में परिसीमन की प्रक्रिया पूरी करना होगी, ताकि नए निर्वाचन क्षेत्रों का इस्तेमाल 2029 के लोकसभा चुनाव में किया जा सके। इसी के साथ ‘एक देश, एक चुनाव’ को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। इस व्यवस्था पर विचार कर रही संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट को लेकर भी राजनीतिक हलकों में उत्सुकता है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि सरकार इसे कब आगे बढ़ाएगी या 2029 के चुनाव से पहले लागू करने की कोई ठोस समय-सीमा तय है। ऐसे में सवाल यही है कि क्या परिसीमन के बाद चुनावी व्यवस्था में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा?







