ऑटो से उतर रहे थे यात्री, तभी ऊपर पलट गया राखड़ से भरा हाईवा; 3 की दर्दनाक मौत

Mirzapur Road Accident: उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। अदलहाट थाना क्षेत्र में राखड़ से लदा एक हाईवा ट्रक अचानक सवारियों से भरे ऑटो रिक्शा पर पलट गया। इस भीषण दुर्घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

सवारियां उतार रहा था ऑटो, तभी पीछे से आ गया काल

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर सिकिया गांव के पास नारायणपुर बाजार के नजदीक हुआ। ऑटो रिक्शा अहरौरा से सवारियां लेकर नारायणपुर की ओर जा रहा था। बताया जा रहा है कि बाजार के पास चालक ऑटो रोककर यात्रियों को उतार रहा था। इसी दौरान पीछे से राखड़ से भरा एक हाईवा ट्रक तेजी से आया और अनियंत्रित होकर ऑटो के ऊपर पलट गया। ट्रक का वजन इतना अधिक था कि ऑटो उसके नीचे पूरी तरह दब गया। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

ट्रक के नीचे दबने से तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 52 वर्षीय मोहन राजभर, 35 वर्षीय अंजना और एक अज्ञात व्यक्ति के रूप में हुई है। वहीं, दुर्घटना में घायल तीन लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही अदलहाट पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की सहायता से ट्रक के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। अज्ञात मृतक की पहचान कराने की प्रक्रिया भी की जा रही है।

मुरादाबाद में भी बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में गई थीं चार जानें

मिर्जापुर की इस घटना से पहले शनिवार को मुरादाबाद में भी एक बड़ा सड़क हादसा हुआ था। यहां छजलैट थाना क्षेत्र के लदावली गांव के पास रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हुए थे। लगातार सामने आ रहे ऐसे हादसे सड़क सुरक्षा और भारी वाहनों की लापरवाही को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। फिलहाल मिर्जापुर पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

Read More-अमेरिका में भूकंप से मची अफरा-तफरी! एयरपोर्ट पर कांपे लोग, विमान की टली लैंडिंग तो रिफाइनरी में उठीं आग की लपटें

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img