पैकेटबंद खाद्य पदार्थ खरीदने वाले लोगों के लिए सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम निर्देश दिया है। अब चिप्स, बिस्कुट, नमकीन और दूसरे पैक्ड फूड में नमक, चीनी और फैट की अधिक मात्रा होने पर ग्राहकों को पैकेट पर ही स्पष्ट चेतावनी मिल सकती है। सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस संबंध में नए नियम तैयार करने का निर्देश दिया है। कोर्ट का मानना है कि लोगों को यह जानकारी आसानी से मिलनी चाहिए कि वे जो खाद्य पदार्थ खरीद रहे हैं, उसमें स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाने वाले तत्व कितनी मात्रा में मौजूद हैं। खासतौर पर बच्चों और युवाओं को ऐसे खाद्य पदार्थों के संभावित नुकसान के प्रति जागरूक करना जरूरी है।
पैकेट दिखेंगे तीन बड़े हेक्सागोन, पढ़ना होगा आसान
जस्टिसपर जेबी पारडीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने चेतावनी लेबल के डिजाइन को लेकर भी अहम बातें कही हैं। कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, पैकेट के सामने वाले मुख्य हिस्से पर तीन अलग-अलग षट्कोण यानी हेक्सागोन बनाए जाने चाहिए। इनमें ‘High Fat’, ‘High Sugar’ और ‘High Salt’ लिखा होगा। प्रत्येक हेक्सागोन पैकेट के मुख्य डिस्प्ले क्षेत्र का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत हिस्सा घेरेगा। साथ ही अक्षरों का आकार इतना बड़ा और स्पष्ट रखा जाएगा कि ग्राहक बिना किसी परेशानी के चेतावनी पढ़ सकें। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि चीनी और सैचुरेटेड फैट की गणना में खाद्य पदार्थ की कुल मात्रा को आधार बनाया जाए, न कि केवल उसमें अलग से मिलाई गई चीनी या फैट को। नमक, शुगर और सैचुरेटेड फैट की अधिकतम सीमा भी नए सिरे से तय करने को कहा गया है।
FSSAI को जल्द तैयार करने होंगे नए नियम, 10 सप्ताह बाद होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को इन निर्देशों के आधार पर नियमों का मसौदा तैयार करने और संबंधित पक्षों से सुझाव व आपत्तियां मांगने को कहा है। इसके बाद नियमों को अंतिम रूप देकर जल्द अधिसूचित करने का निर्देश दिया गया है। हालांकि, चेतावनी की सीमा तय करते समय इस बात का ध्यान रखना होगा कि सामान्य खाद्य पदार्थों पर अनावश्यक चेतावनी न लगे और वास्तव में नुकसानदायक मात्रा भी नियमों से बाहर न रह जाए। यह मामला ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ की याचिका से जुड़ा है, जिसमें पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर स्पष्ट फ्रंट ऑफ पैक वार्निंग लेबल लगाने की मांग की गई थी। अब इस मामले में 10 सप्ताह बाद अगली सुनवाई होगी। उस दौरान कोर्ट FSSAI से नियमों के मसौदे की प्रगति की जानकारी लेगा।







