चेन्नई: देश के बड़े कारोबारी घरानों में शामिल TVS परिवार में संपत्ति को लेकर विवाद सामने आया है। TVS होल्डिंग्स के चेयरमैन वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने अपने ही पिता के खिलाफ मद्रास हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। उन्होंने परिवार की संपत्तियों में अपना कानूनी हिस्सा देने की मांग की है। इस मामले ने इसलिए भी सुर्खियां बटोरी हैं, क्योंकि विवाद देश के प्रतिष्ठित कारोबारी परिवारों में से एक से जुड़ा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लक्ष्मी ने 25 नवंबर को कानूनी कार्रवाई की और अदालत इस मामले पर 27 नवंबर को सुनवाई कर सकती है।
पिता के खिलाफ कानूनी लड़ाई, 2020 के समझौते का दिया हवाला
लक्ष्मी वेणु ने 2020 में हुए TVS पारिवारिक समझौते के तहत अपने पिता की शाखा को मिली संपत्तियों के बंटवारे की मांग की है। इसमें TVS होल्डिंग्स, TVS मोटर कंपनी, TVS क्रेडिट सर्विसेज और सुंदरम-क्ले टन में हिस्सेदारी शामिल है। उनका कहना है कि परिवार की विरासत में उनका अधिकार भी उतना ही है, जितना उनके भाई सुदर्शन वेणु का है। लक्ष्मी के मुताबिक, बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कई कोशिशें की गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि जरूरी दस्तावेज और संपत्ति से जुड़ी जानकारियां भी उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गईं।
भाई संभाल रहे कंपनी की कमान, उत्तराधिकार कानून का दिया तर्क
TVS मोटर कंपनी की कमान फिलहाल लक्ष्मी के छोटे भाई सुदर्शन वेणु के पास है। वह कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। लक्ष्मी ने अपने पक्ष में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम 1956 के 2005 में हुए संशोधन का हवाला दिया है। इस संशोधन के तहत बेटियों को भी पैतृक संपत्ति में बेटों के बराबर अधिकार दिए गए हैं। उनका कहना है कि किसी कंपनी का प्रबंधन संभालना और संपत्ति का मालिक होना दो अलग-अलग बातें हैं। केवल कारोबारी जिम्मेदारी मिलने से परिवार के दूसरे सदस्यों के कानूनी अधिकार समाप्त नहीं हो सकते।
मां मल्लिका श्रीनिवासन ने किया बेटी का समर्थन
इस विवाद में सबसे अहम मोड़ तब आया, जब 25 नवंबर को लक्ष्मी की मां मल्लिका श्रीनिवासन ने बेटी के अधिकारों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि बेटा और बेटी दोनों बराबर हैं और पारिवारिक संपत्ति में लक्ष्मी का हिस्सा भी सुदर्शन के हिस्से से कम नहीं होना चाहिए। वहीं, लक्ष्मी का आरोप है कि अप्रैल 2025 में उनके भाई को TVS मोटर कंपनी का सिग्निफिकेंट बेनिफिशियल ओनर बनाए जाने के फैसले ने भी उनके अधिकारों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। अब इस पारिवारिक और कारोबारी विवाद का फैसला अदालत में होने वाली सुनवाई के बाद किस दिशा में जाएगा, इस पर उद्योग जगत की नजरें टिकी हैं।
Read more-विदेश जाने से पहले सौरव दास को लगा बड़ा झटका! दिल्ली हाईकोर्ट ने क्यों टाल दी अर्जेंट सुनवाई?








