उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी को गार्ड ऑफ ऑनर देने का मामला अब पुलिस विभाग के लिए बड़ी परेशानी बन गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। सदर क्षेत्र के CO पवन कुमार को उनके पद से हटाकर ट्रैफिक विभाग में तैनात कर दिया गया है। उनकी जगह रविकांत पाराशर को CO सदर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। दरअसल, 21 नवंबर को ओवैसी सहारनपुर के सर्किट हाउस पहुंचे थे। इसी दौरान वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें औपचारिक सलामी दे दी। बताया जा रहा है कि पुलिस टीम किसी सुप्रीम कोर्ट के जज के आगमन की तैयारी में वहां मौजूद थी।
जज के इंतजार में खड़ी थी पुलिस, ओवैसी को देखकर हुआ भ्रम
जानकारी के मुताबिक, पुलिसकर्मियों को सर्किट हाउस में एक न्यायाधीश के आने की सूचना थी। इसके लिए जवान पहले से ही निर्धारित व्यवस्था के तहत तैनात थे। इसी बीच ओवैसी अचानक वहां पहुंच गए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें जज समझ लिया और सम्मान में सलामी दे दी। इस घटना के समय ओवैसी चंद्रशेखर आजाद के साथ सहारनपुर में मौजूद थे। दोनों नेता आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करने पहुंचे थे। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। मामला वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके बाद SSP अभिनंदन ने जांच के निर्देश दिए। अब पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक की निगरानी में पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
X से वीडियो हटाने की तैयारी, अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
CO पवन कुमार को ट्रैफिक विभाग भेजने के साथ ही पुलिस प्रशासन ने घटना के समय मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक के मुताबिक, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X को पत्र भेजकर वायरल वीडियो और संबंधित पोस्ट हटाने का अनुरोध किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस घटना से विभाग की छवि प्रभावित हो रही है। हालांकि, जांच अभी पूरी नहीं हुई है और यह स्पष्ट होना बाकी है कि इस चूक के लिए कौन-कौन जिम्मेदार था। ऐसे में अब सबकी नजर जांच रिपोर्ट और आगे होने वाली विभागीय कार्रवाई पर टिकी है। सवाल यह भी है कि आखिर एक न्यायाधीश के स्वागत की तैयारी के बीच इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई?








