Basti Politics: जिले की राजनीति में इन दिनों बयानबाजी के बीच रमाकान्त पांडेय ने सकारात्मक राजनीति का संदेश दिया है। 308-कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र में सामाजिक कार्यों से जुड़े रमाकान्त पांडेय ने मनीष मिश्रा की प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए गए बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर करते हुए कहा कि राजनीतिक और सामाजिक जीवन में आपसी सम्मान और शब्दों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने ‘रंगा-बिल्ला’, ‘शिखंडी’ और ‘आसुरी शक्तियों’ जैसे शब्दों के इस्तेमाल पर चिंता जताई। उनका कहना है कि विचारों में मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन इसे व्यक्तिगत दुश्मनी में नहीं बदलना चाहिए। जनता के बीच किसी की पहचान आरोप-प्रत्यारोप से नहीं, बल्कि उसके काम और जनसेवा से बनती है। उन्होंने कहा कि बस्ती के विकास के लिए सभी लोगों को मिलकर सकारात्मक माहौल तैयार करना चाहिए।
2014 से बस्ती और कप्तानगंज से जुड़ाव, जनसेवा को बताया अपनी प्राथमिकता
रमाकान्त पांडेय ने अपने सामाजिक कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि दिल्ली में रहने के बावजूद वर्ष 2014 से उनका बस्ती और खासकर 308-कप्तानगंज विधानसभा क्षेत्र से निरंतर जुड़ाव बना हुआ है। इस दौरान उन्होंने अपनी क्षमता और संसाधनों के अनुसार गरीब परिवारों, महिलाओं, बुजुर्गों और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के साथ जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में भी योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि समाजसेवा के लिए किसी पद या राजनीतिक पहचान की जरूरत नहीं होती, बल्कि इसके पीछे लोगों के प्रति जिम्मेदारी और मदद का भाव होना चाहिए। रमाकान्त पांडेय ने मनीष मिश्रा की ओर से समाजसेवा और बस्ती के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि अच्छे कार्यों का सम्मान होना चाहिए और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सभी को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए।
आपसी खींचतान से जनता का नुकसान, शिक्षा-स्वास्थ्य और रोजगार पर हो प्रतिस्पर्धा
रमाकान्त पांडेय ने कहा कि जब दो प्रभावशाली लोग या ताकतें आपस में उलझती हैं तो इसका सीधा असर जनता के हितों पर पड़ता है। ऐसे विवादों का फायदा अक्सर किसी तीसरे पक्ष को मिलता है। इसलिए जरूरी है कि आपसी विरोध और बयानबाजी में समय गंवाने के बजाय क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान पर ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि मुकाबला करना है तो शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार, गरीबों के कल्याण और बेहतर जनसुविधाओं के क्षेत्र में होना चाहिए। मनीष मिश्रा समेत बस्ती के सभी सामाजिक और राजनीतिक लोगों से उन्होंने अपील की कि एक-दूसरे के काम में रुकावट डालने के बजाय अच्छे प्रयासों को आगे बढ़ाएं। उनके मुताबिक राजनीति का असली उद्देश्य व्यक्तिगत प्रतिष्ठा बढ़ाना नहीं, बल्कि जनता का भरोसा जीतना और क्षेत्र को विकास की नई दिशा देना होना चाहिए।
Read More- मेरठ में CM योगी का बड़ा दांव! अग्निवीरों को 20% आरक्षण के साथ पूर्व सैनिकों के लिए किए ये बड़े ऐलान







