Delhi News: दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में दिल्ली स्वरूप नगर आग की घटना से हड़कंप मच गया। गली नंबर 2 में स्थित एक फैक्ट्री के बेसमेंट और पहली मंजिल में अचानक आग लग गई। बताया गया कि यहां रेक्सिन की कतरन और सूती बुनाई से जुड़ा सामान रखा था। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारतों में रहने वाले लोगों में भी दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
धुएं से घुटने लगा दम, छह लोग हुए घायल
आग की घटना में छह लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। बताया गया कि पास की इमारत में रहने वाले कुछ लोग धुएं के कारण परेशान हो गए और अपनी जान बचाने के लिए बाहर निकलने लगे। इस दौरान एक व्यक्ति पास की इमारत से नीचे कूद गया, जिससे उसके दाहिने पैर में चोट आई। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें पांच लोगों को बाबू जगजीवन राम अस्पताल और एक व्यक्ति को बुराड़ी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है।
15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, आग पर पाया काबू
घटना की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली फायर सर्विस की करीब 15 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। जिस इमारत में आग लगी, उसमें बेसमेंट, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर टिन की शेड बनी हुई थी। इसका क्षेत्रफल करीब 200 वर्ग गज बताया गया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीमों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फैक्ट्री में आग किस कारण से लगी।
Read More-कपिल सिब्बल ने खुद को क्यों बताया ‘दिमागी नक्सल’? PM मोदी के तंज पर राज्यसभा सांसद का पलटवार







