ओवरटेक करते ही काल बन गई रोडवेज बस! बच्ची समेत 5 की मौत, मुजफ्फरनगर में मचा हड़कंप

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने हर किसी को झकझोर दिया। बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र में भैंसाना गांव के पास बड़ौत डिपो की रोडवेज बस और दो मोटरसाइकिलों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। बाद में इलाज के दौरान दो और लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में कुल पांच लोगों की जान चली गई।

ओवरटेकिंग के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक, रोडवेज बस बुढ़ाना से मुजफ्फरनगर की तरफ जा रही थी। वहीं दोनों बाइक सवार मुजफ्फरनगर से बुढ़ाना की ओर जा रहे थे। भैंसाना गांव के पास बस चालक द्वारा ओवरटेक करने के दौरान दोनों बाइकों से टक्कर हो गई। शुरुआती जांच में पुलिस को हादसे की मुख्य वजह ओवरटेकिंग नजर आ रही है। टक्कर के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी और राहत-बचाव में मदद की। कुछ ही देर में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

बच्ची समेत पांच लोगों ने गंवाई जान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान मोमिन, फरमान, इदरीश, शाजिद और करीब ढाई से तीन साल की बच्ची भल्लो के रूप में हुई है। इनमें तीन लोगों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि दो घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ा। हादसे के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने रोडवेज बस को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसएसपी ने बताया हादसे का कारण

मुजफ्फरनगर के एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि हादसा करीब शाम 4 बजे हुआ था। सूचना मिलने के बाद पुलिस और संबंधित अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच में ओवरटेकिंग को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है और जो भी कानूनी कार्रवाई जरूरी होगी, उसे पूरा किया जाएगा। वहीं प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। पुलिस अब हादसे की परिस्थितियों और बस चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Read More-मथुरा के इस होनहार छात्र ने रचा इतिहास: 312 बार जीता पहला स्थान, अब लंदन की यूनिवर्सिटी में मुफ्त पढ़ेगा कानून!

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img