मैनपुरी के DSP Ashok Singh का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह अपनी नेमप्लेट दिखाते हुए मूंछों पर ताव देते हैं और वीडियो बनाने वालों से उसे सपा प्रमुख अखिलेश यादव तक पहुंचाने की बात कहते नजर आ रहे हैं। आखिर कौन हैं अशोक सिंह और किस घटना के बाद उनका यह वीडियो सामने आया?
वायरल वीडियो में क्या कहते दिखे DSP अशोक सिंह?
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिस अधिकारियों के बीच DSP अशोक कुमार सिंह नजर आ रहे हैं। वह कैमरे के सामने अपनी नेमप्लेट दिखाते हुए अपना नाम, पिता का नाम और आजमगढ़ का निवासी होने की जानकारी देते हैं। इसके बाद वह वीडियो बनाने वालों से कहते हैं कि वीडियो बना लो और इसे अखिलेश यादव को भेज देना। मूंछों पर ताव देते हुए उनका यह अंदाज देखते ही देखते सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया। वीडियो सामने आने के बाद लोग DSP अशोक सिंह के बारे में जानने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं।
पोस्टमार्टम हाउस के बाहर बनाया गया था वीडियो
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 30 अगस्त 2026 का है और मैनपुरी के एलाऊ थाना क्षेत्र स्थित पोस्टमार्टम हाउस के बाहर रिकॉर्ड किया गया था। जानकारी के मुताबिक, 29 अगस्त की रात संतोष नगर गांव में शराब के ठेके के पास एक ट्रक को रोककर फायरिंग की गई थी। इस घटना में ट्रक के कंडक्टर की मौत हो गई थी। अगले दिन पुलिसकर्मी शव के पोस्टमार्टम के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान मृतक के परिजनों से बातचीत चल रही थी और वहां मौजूद कुछ लोग पुलिस की कार्रवाई का वीडियो बनाने लगे। इसी दौरान DSP अशोक सिंह का यह वीडियो रिकॉर्ड हुआ।
कौन हैं DSP अशोक सिंह?
वायरल वीडियो में DSP ने खुद अपना परिचय दिया है। वह फिलहाल मैनपुरी में DSP/सीओ सिटी के पद पर तैनात बताए जा रहे हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार उनका जन्म 2 अक्टूबर 1975 को हुआ था। वह मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले हैं और उनके पिता का नाम बलबीर सिंह है। पुलिस विभाग में लंबे समय तक सेवा देने के दौरान उन्होंने अलग-अलग जिम्मेदारियां संभाली हैं। हालांकि, उनके शुरुआती पुलिस करियर से जुड़ी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक रूप से आसानी से उपलब्ध नहीं है।
2019 में बने एडिशनल एसपी, फिर DSP पद पर प्रमोशन
उत्तर प्रदेश पुलिस से जुड़ी उपलब्ध जानकारी के अनुसार अशोक सिंह को 2019 में प्रमोशन देकर एडिशनल एसपी स्पेशल ग्रेड-2 बनाया गया था। इसके बाद 5 जून 2020 को उन्हें DSP पद पर पदोन्नति मिली। हालिया जानकारी के मुताबिक, मैनपुरी में तैनाती से पहले वह औरैया में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनका वीडियो वायरल होने के बाद उनके बयान और पुलिस करियर दोनों को लेकर सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
Read More-बेटी के बयान पर घिरीं मंत्री, CM रेवंत रेड्डी ने लिया बड़ा एक्शन; एक झटके में बदला पूरा समीकरण







