Grand Canyon Flood: अमेरिका के मशहूर ग्रैंड कैन्यन नेशनल पार्क में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। 29 अगस्त को तेज बारिश के बाद ब्राइट एंजेल कैन्यन और फैंटम रैंच इलाके में पानी इतनी तेजी से बढ़ा कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कई पुल और रास्ते बाढ़ की चपेट में आ गए। पार्क प्रशासन के मुताबिक, अब तक 62 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जबकि करीब 15 लोगों से अभी संपर्क नहीं हो पाया है। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
आधे घंटे की बारिश और अचानक आई खतरनाक बाढ़
अमेरिकी मौसम विभाग के अनुसार, ग्रैंड कैन्यन के आसपास करीब 30 मिनट में लगभग आधा इंच से एक इंच तक बारिश हुई। पहाड़ी और चट्टानी इलाका होने की वजह से बारिश का पानी जमीन में ज्यादा नहीं रुका और तेज रफ्तार से नीचे की ओर बहने लगा। देखते ही देखते पानी ने बाढ़ का रूप ले लिया। ब्राइट एंजेल क्रीक में आया पानी अपने साथ बड़े पत्थर, मलबा और लोहे के ढांचे तक बहाकर ले गया। इसका असर सीधे कोलोराडो नदी तक देखने को मिला। शुरुआती जानकारी में 20 से अधिक लोगों के लापता होने की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में प्रशासन ने यह संख्या करीब 15 बताई।
🇺🇸: Flash floods sweep Grand Canyon, 62 evacuated and more than 20 still missing.
A flash flood hit Bright Angel Canyon and Phantom Ranch at Grand Canyon National Park on Aug. 29, 2026. By Sunday morning, 62 people had been evacuated with no injuries reported; officials say… pic.twitter.com/BT2YxN49uy
— World In Last 24hr (@world24x7hr) August 30, 2026
62 लोगों को निकाला गया सुरक्षित, कई इलाकों में आवाजाही बंद
नेशनल पार्क सर्विस के मुताबिक, 30 अगस्त की सुबह तक फैंटम रैंच और निचले नॉर्थ कैबाब ट्रेल से 62 लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बचाव अभियान में हेलीकॉप्टर समेत अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया गया। राहत की बात यह है कि अभी तक किसी की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है। बाढ़ के कारण ब्राइट एंजेल क्रीक के ऊपर बने कई फुटब्रिज बह गए या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। फैंटम रैंच, ब्राइट एंजेल कैंपग्राउंड और नॉर्थ कैबाब ट्रेल को फिलहाल बंद कर दिया गया है। कोलोराडो नदी में नाव और राफ्टिंग की गतिविधियों पर भी रोक लगा दी गई है।
फिर आ सकती है बाढ़, प्रशासन ने जारी की चेतावनी
पार्क प्रशासन ने लोगों को प्रभावित इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है। मौसम विभाग के मुताबिक, इलाके में आगे भी तेज बारिश और गरज-चमक वाले तूफान आने की संभावना है। इससे अचानक बाढ़ के साथ मलबा और पत्थर गिरने का खतरा भी बना हुआ है। प्रशासन की टीमें लगातार नुकसान का आकलन कर रही हैं। टूटे रास्तों, पुलों और दूसरी सुविधाओं की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम खराब रहने की स्थिति में बचाव अभियान भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है।
पानी की सप्लाई भी प्रभावित, लागू होंगे सख्त नियम
बाढ़ का असर ग्रैंड कैन्यन की पानी की व्यवस्था पर भी पड़ा है। पार्क के अंदर पानी पहुंचाने वाली ट्रांसकैन्यन वाटरलाइन को नुकसान पहुंचने के कारण पानी की उपलब्धता सीमित हो गई है। प्रशासन ने लोगों से पानी का इस्तेमाल बेहद सावधानी से करने की अपील की है। 31 अगस्त से साउथ रिम क्षेत्र में पानी बचाने के लिए स्टेज-4 नियम लागू किए जाने की जानकारी दी गई है। फिलहाल अधिकारियों का मुख्य ध्यान लापता लोगों की तलाश, प्रभावित लोगों को सुरक्षित निकालने और बाढ़ से हुए नुकसान का जायजा लेने पर है।
Read More-अमेरिका ने ईरान पर किया हमला, कुछ ही देर बाद आया खतरनाक जवाब… जॉर्डन में मचा हड़कंप








