Bihar News: बिहार के पश्चिमी चंपारण में बच्चे के छठियार कार्यक्रम की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब सड़क किनारे चल रहे आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में एक बेकाबू बस जा घुसी। हादसा लौरिया थाना क्षेत्र के पराउ टोला बनकटवा के पास बेतिया-लौरिया मुख्य मार्ग पर देर रात हुआ। हादसे में कई लोग बस की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पांच लोगों की मौत हुई है, हालांकि पुलिस की ओर से मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि किए जाने की जानकारी नहीं है। हादसे में कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
आर्केस्ट्रा देख रही भीड़ में घुसी तेज रफ्तार बस
बताया जा रहा है कि बनकटवा निवासी शत्रुघ्न दुबे के घर बच्चे के छठियार का कार्यक्रम चल रहा था। इसी खुशी में सड़क किनारे आर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम देखने के लिए वहां मौजूद थे। इसी दौरान गोरखपुर की ओर से बेतिया जा रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच टक्कर की स्थिति बन गई। बस चालक ने टक्कर से बचने की कोशिश की, लेकिन वाहन अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ में जा घुसा। अचानक हुए हादसे से मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जिस घर में खुशी थी, वहीं पसरा मातम
स्थानीय जानकारी के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत बताई जा रही है। मृतकों में बनकटवा निवासी बहादुर महतो, संजय कुमार, भोला दुबे, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के नाम सामने आए हैं। हालांकि, इन नामों और मृतकों की संख्या की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी नहीं हुई है। इस हादसे में सबसे दर्दनाक बात यह बताई जा रही है कि मृतकों में देवेंद्र दुबे भी शामिल हैं, जिनके बच्चे का छठियार कार्यक्रम उसी समय चल रहा था। जिस मौके पर परिवार नवजात के आने की खुशी मना रहा था, उसी दौरान पिता की मौत की खबर से पूरा परिवार सदमे में डूब गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, कई की हालत गंभीर
हादसे की सूचना मिलते ही लौरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए बेतिया जीएमसीएच भेजा गया। घायलों में विनय कुमार यादव, श्याम बाबू, मोती चंद्र महतो और नरेश राम समेत अन्य लोगों के नाम बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस अचानक भीड़ में घुसी और लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक राहत और बचाव का काम किया। घायलों का इलाज अस्पताल में कराया जा रहा है।
हादसे के बाद लोगों में गुस्सा, बस-ट्रक में तोड़फोड़
घटना के बाद स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिला। गुस्साई भीड़ ने बस और ट्रक में तोड़फोड़ कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। इस हादसे ने सड़क किनारे होने वाले सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।








