भारतीय महिला क्रिकेट टीम में बड़ा बदलाव हुआ है। टीम की अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) ने सभी फॉर्मेट की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया है। मंगलवार, 6 अक्टूबर को उन्होंने भावुक संदेश के जरिए इसकी जानकारी दी। हालांकि, उन्होंने साफ किया है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं ले रही हैं और बतौर खिलाड़ी टीम के लिए खेलती रहेंगी। हरमनप्रीत की कप्तानी का दौर भारतीय महिला क्रिकेट के लिए बेहद खास रहा है और उनकी अगुवाई में टीम ने पिछले साल अपना पहला महिला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता था।
BCCI की बैठक के अगले दिन लिया फैसला
हरमनप्रीत का यह फैसला भारतीय महिला टीम की समीक्षा बैठक के ठीक एक दिन बाद आया है। सोमवार को गुवाहाटी में BCCI ने टीम के प्रदर्शन को लेकर रिव्यू मीटिंग की थी। इसमें मुख्य कोच अमोल मजूमदार के अलावा टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना भी शामिल हुई थीं। इसके अगले ही दिन हरमनप्रीत ने कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि यह फैसला उनके लिए आसान नहीं था, क्योंकि कप्तानी के सफर में कई भावनात्मक यादें और महत्वपूर्ण पल जुड़े रहे हैं।
13 साल से टीम का हिस्सा हैं स्मृति मंधाना
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हरमनप्रीत के बाद भारतीय महिला टीम की कमान किसे सौंपी जाएगी। इस दौड़ में मौजूदा उपकप्तान स्मृति मंधाना का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। मंधाना लंबे समय से भारतीय टीम का अहम हिस्सा हैं और नेतृत्व का अनुभव भी रखती हैं। उन्होंने 2013 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखा था। 30 वर्षीय मंधाना ने अब तक 120 वनडे में 5411 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। टी20 इंटरनेशनल में भी उनके नाम 4867 रन दर्ज हैं।
कप्तानी के लिए क्यों मजबूत दावेदार हैं मंधाना?
स्मृति मंधाना के पास तीनों फॉर्मेट में खेलने का लंबा अनुभव है। उन्होंने भारत के लिए 9 टेस्ट मैचों में 788 रन भी बनाए हैं, जिसमें दो शतक शामिल हैं। वहीं हरमनप्रीत ने कप्तान के तौर पर 155 टी20 इंटरनेशनल में भारत की अगुवाई की, जिसमें टीम ने 92 मुकाबले जीते। वनडे में उन्होंने 51 मैचों में कप्तानी की और 30 जीत हासिल कीं। अब उनके हटने के बाद BCCI के सामने नए कप्तान का चयन बड़ी जिम्मेदारी होगी। मौजूदा समीकरणों को देखते हुए स्मृति मंधाना इस भूमिका के लिए सबसे स्वाभाविक विकल्प नजर आ रही हैं, लेकिन अंतिम फैसला बोर्ड ही करेगा।
Read More-पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर रची पति के कत्ल की खौफनाक साजिश, ‘हार्ट अटैक’ का ड्रामा रचकर दफनाया शव







