Indian Hockey Team: एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम की नई जर्सी सामने आई है। इस बार टीम अपनी पुरानी नीली जर्सी की जगह केसरिया रंग की जर्सी पहनकर मैदान में उतरेगी। हॉकी इंडिया ने बताया कि इस जर्सी का डिजाइन भारत की संस्कृति और तिरंगे से प्रेरित है। संस्था के अनुसार केसरिया रंग साहस, त्याग और नई शुरुआत का प्रतीक है। जर्सी में अशोक चक्र और भारतीय कला से जुड़े डिजाइन भी शामिल किए गए हैं। यह टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड में खेला जाएगा।
पूर्व कप्तान ने जताई नाराजगी
नई जर्सी को लेकर भारत के पूर्व हॉकी कप्तान विरेन रास्किन्हा ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम की पहचान हमेशा नीली जर्सी रही है। उन्होंने कई साल तक इसी जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व किया है। उनका कहना है कि खिलाड़ी और फैंस दोनों टीम को नीले रंग में देखने के आदी हैं। ऐसे में अचानक जर्सी का रंग बदलने का फैसला सही नहीं लगता। उनके बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे पर बहस शुरू हो गई।
I must say that @TheHockeyIndia has done many good things for 🇮🇳 🏑. But this is embarrassing. The legacy & identity of the Indian team has always been BLUE. I wore the Blue jersey with pride for many years. Fans want to see our Indian team in blue. What is the logic of orange? https://t.co/apDnJkTld4
— Viren Rasquinha (@virenrasquinha) July 29, 2026
हॉकी इंडिया ने दिया अपना पक्ष
हॉकी इंडिया ने इस फैसले का बचाव करते हुए कहा कि केसरिया रंग भारत के राष्ट्रीय ध्वज का हिस्सा है और इसमें कुछ भी गलत नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि नई जर्सी का मकसद भारतीय संस्कृति और देश की पहचान को दुनिया के सामने दिखाना है। उन्होंने यह भी कहा कि आजकल ज्यादातर हॉकी मैच नीले टर्फ पर खेले जाते हैं। ऐसे में नीली जर्सी पहनने से खिलाड़ियों को दूर से पहचानना मुश्किल हो जाता है। केसरिया रंग खिलाड़ियों को मैदान पर ज्यादा साफ दिखाई देगा।
अब मैदान पर होगी नई पहचान
भारतीय पुरुष और महिला हॉकी टीम वर्ल्ड कप में इसी नई जर्सी के साथ उतरेंगी। टीम के पास सफेद रंग की दूसरी जर्सी भी होगी। फिलहाल नई जर्सी को लेकर लोगों की राय अलग-अलग है। कुछ लोग इसे अच्छा बदलाव मान रहे हैं, जबकि कई फैंस पुरानी नीली जर्सी को ही टीम की असली पहचान बता रहे हैं। अब सभी की नजर वर्ल्ड कप में भारतीय टीम के प्रदर्शन और नई जर्सी पर रहेगी।








