डेढ़ साल तक पुलिस को देता रहा चकमा, आखिर एक गलती से खुल गया रिटायर्ड फौजी की पत्नी की हत्या का राज

मध्य प्रदेश के भिंड जिले में रिटायर्ड फौजी की पत्नी सुशीला देवी की हत्या और डकैती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब डेढ़ साल बाद पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी रिंकू उर्फ महावीर राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। वह मुरैना जिले का रहने वाला है और उसकी गिरफ्तारी पर 30 हजार रुपये का इनाम रखा गया था। पुलिस ने आरोपी के पास से करीब ढाई लाख रुपये के सोने के जेवर भी बरामद किए हैं। हालांकि, इस मामले में शामिल छह अन्य आरोपी अभी फरार हैं।

 घर में घुसकर की थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 14 और 15 अप्रैल 2025 की रात की है। रिटायर्ड फौजी हरिदास दैपुरिया अपनी पत्नी सुशीला देवी के साथ खेत के पास बने घर में रहते थे। देर रात बदमाश घर में घुस गए और हरिदास के कमरे की कुंडी बाहर से बंद कर दी। इसके बाद वे छत पर बने कमरे में पहुंचे और वहां रखे बक्सों के ताले तोड़कर जेवर और नकदी चोरी करने लगे। इसी दौरान सुशीला देवी की नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने उनका मुंह दबा दिया। इससे उनकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

 प्रेमिका के गांव से करता था रेकी

जांच में पता चला कि आरोपी रिंकू राठौर अक्सर देहरा गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने जाता था। वहीं से वह आसपास के इलाकों और सुनसान घरों की जानकारी जुटाता था। पुलिस का कहना है कि वारदात से पहले उसने कई बार इलाके की रेकी की थी। आरोपी और उसके साथी बहुत चालाकी से अपराध करते थे। वे वारदात के समय अपने मोबाइल फोन घर पर छोड़ देते थे, ताकि पुलिस उनकी लोकेशन ट्रैक न कर सके। इसी वजह से पुलिस को उन्हें पकड़ने में काफी समय लगा।

एक चोट से खुला पूरा मामला

इस मामले की जांच के लिए पुलिस ने एसआईटी बनाई थी। टीम ने 150 से ज्यादा लोगों से पूछताछ की, 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज देखे और कई तकनीकी सबूत जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि वारदात के बाद भागते समय रिंकू छत से कूद गया था, जिससे उसे चोट लग गई थी। पुलिस ने आसपास के अस्पतालों और मेडिकल रिकॉर्ड की जांच की तो आरोपी तक पहुंचने का सुराग मिल गया। इसके बाद पुलिस ने उसे देहरा गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, रिंकू के खिलाफ पहले से चोरी और लूट के 27 मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उसके बाकी साथियों की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img