Twisha Sharma Case: भोपाल की चर्चित मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब एक नया मोड़ सामने आया है। परिवार की तरफ से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग को अदालत ने मंजूरी नहीं दी है। भोपाल की लोकल कोर्ट ने साफ कर दिया कि फिलहाल सेकेंड पोस्टमार्टम की जरूरत नहीं है। ट्विशा के परिवार ने मांग की थी कि उनका दोबारा पोस्टमार्टम दिल्ली के AIIMS अस्पताल में कराया जाए ताकि मौत की असली वजह सामने आ सके। कोर्ट के इस फैसले के बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई है। वहीं इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है और कई सवाल अब भी बने हुए हैं।
परिवार ने क्यों की थी दोबारा पोस्टमार्टम की मांग
ट्विशा शर्मा के परिवार का कहना है कि उन्हें शुरुआती जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर पूरी तरह भरोसा नहीं है। इसी वजह से उन्होंने अदालत में अर्जी देकर दिल्ली AIIMS में दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी। परिवार को उम्मीद थी कि दूसरी मेडिकल जांच से मौत की वजह को लेकर और स्पष्ट जानकारी मिल सकती है। हालांकि अदालत ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया। मामले में परिवार के वकील अंकुर पांडे ने बताया कि कोर्ट ने पुलिस को निर्देश दिया है कि शव को सुरक्षित तरीके से प्रिजर्व रखा जाए। कोर्ट ने यह भी कहा कि पूरे मध्य प्रदेश में जहां माइनस 80 डिग्री तापमान में बॉडी सुरक्षित रखी जा सकती है, वहां तुरंत व्यवस्था की जाए। साथ ही पुलिस को इस संबंध में कोर्ट को जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए हैं।
पति समर्थ सिंह अब भी पुलिस की पकड़ से दूर
इस मामले में ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस ने ट्विशा की मौत के बाद पति समर्थ सिंह और उसकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना का मामला दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक ट्विशा 12 मई की रात भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित अपने ससुराल में मृत मिली थी। मामले के बाद से ही पति समर्थ सिंह फरार चल रहा है। उसकी अग्रिम जमानत याचिका पहले ही अदालत से खारिज हो चुकी है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। वहीं उसकी मां गिरिबाला सिंह को अदालत से अग्रिम जमानत मिल चुकी है। गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज बताई जा रही हैं, जिसके कारण यह मामला और ज्यादा चर्चा में बना हुआ है।
अब परिवार की नजर आगे की कानूनी कार्रवाई पर
कोर्ट के फैसले के बाद ट्विशा शर्मा का परिवार अब आगे की कानूनी रणनीति बनाने में जुट गया है। परिवार के वकील ने कहा कि वे अब परिजनों के साथ बैठकर अगले कदम पर चर्चा करेंगे। इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है और लोग निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सभी सबूतों को ध्यान में रखा जा रहा है। ट्विशा की मौत ने एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा जैसे मुद्दों को चर्चा में ला दिया है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पुलिस समर्थ सिंह तक कब पहुंचती है और जांच में आगे क्या नए खुलासे होते हैं।








