Parliament Session 2026: संसद की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। केंद्र सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। यह सत्र 30 नवंबर 2026 से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चल सकता है। खास बात यह है कि इस बार संसद की कार्यवाही सामान्य सत्रों से काफी अलग रहने वाली है। लोकसभा और राज्यसभा सचिवालय की ओर से जारी बुलेटिन में सत्र के कार्यक्रम की जानकारी दी गई है। केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भी लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से सदनों की बैठक बुलाने का आग्रह किया है। अब इस छोटे सत्र में सरकार के एजेंडे को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
न प्रश्नकाल होगा, न शून्यकाल, आखिर क्यों लिया गया यह फैसला?
इस संसदीय सत्र की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें प्रश्नकाल और शून्यकाल नहीं होंगे। लोकसभा सचिवालय के बुलेटिन के मुताबिक सदन की कार्यवाही 30 नवंबर को सुबह 11 बजे से शुरू होगी। इस दौरान गैर सरकारी कामकाज यानी प्राइवेट बिजनेस भी नहीं कराया जाएगा। आमतौर पर प्रश्नकाल और शून्यकाल में सांसद सरकार से सवाल पूछते हैं और जनता से जुड़े मुद्दे उठाते हैं। लेकिन इस बार इन व्यवस्थाओं को कार्यक्रम में जगह नहीं दी गई है। इससे साफ संकेत मिलता है कि सरकार इस बैठक में सीमित और निर्धारित विधायी कामकाज पर ध्यान केंद्रित कर सकती है। हालांकि, सरकार की ओर से पूरे एजेंडे को लेकर अभी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
लोकसभा और राज्यसभा की बैठक की अलग-अलग तारीखें
जारी कार्यक्रम के अनुसार लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से शुरू होकर 3 दिसंबर तक चल सकती है। वहीं राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को सुबह 11 बजे से दोबारा शुरू होगी। जरूरत के मुताबिक दोनों सदनों का कामकाज 3 दिसंबर तक जारी रह सकता है। दरअसल, मानसून सत्र के दौरान 13 अगस्त को दोनों सदनों की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी, लेकिन सत्र का औपचारिक सत्रावसान नहीं हुआ था। इसी वजह से अब उसी सत्र की कार्यवाही को दोबारा शुरू किया जा रहा है। यह सत्र 100 दिनों से अधिक समय तक जारी रहने के कारण भी चर्चा में है और 2008 में बने 87 दिनों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ चुका है।
महिला आरक्षण और परिसीमन पर बड़ा फैसला संभव?
संसद की इस बैठक को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों की हो रही है। राजनीतिक हलकों में अटकलें हैं कि सरकार इन मुद्दों पर संविधान संशोधन से जुड़ा विधेयक ला सकती है। परिसीमन के प्रस्ताव के तहत लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 तक करने की चर्चा है। वहीं महिला आरक्षण कानून के तहत संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है। इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन विधेयकों को इसी सत्र में पेश या पारित किया जाएगा, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में अब सभी की नजर 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही पर टिकी है।








