INDIA गठबंधन की बैठक कौन-कौन पहुंचा? सामने आई पूरी लिस्ट, दो दलों ने बनाई दूरी

नई दिल्ली में बुधवार को INDIA गठबंधन की अहम बैठक शुरू हुई। बैठक के केंद्र में चुनाव आयोग, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर चल रहा विवाद है। विपक्षी दल इस मुद्दे पर आगे की रणनीति और संयुक्त अभियान पर चर्चा कर रहे हैं। बैठक में CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग और उनके खिलाफ संसद में आगे की कार्रवाई के विकल्प पर भी चर्चा होने की जानकारी सामने आई है।

जयराम रमेश ने बताई बैठक में शामिल पार्टियां

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बैठक में शामिल दलों की सूची साझा की। उनके मुताबिक कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, तृणमूल कांग्रेस, NCP-SP, शिवसेना (UBT), RJD, CPM, CPI, नेशनल कॉन्फ्रेंस, PDP, JMM, CPI-ML, IUML, KC(M), MDMK, VCK, RSP, KC(J) और AIFB बैठक में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये दल चुनाव आयोग और SIR से जुड़े मुद्दों पर साझा रुख को लेकर चर्चा कर रहे हैं।

AAP और DMK ने बैठक से बनाई दूरी

बैठक को लेकर विपक्षी खेमे में कुछ दलों की गैरमौजूदगी भी चर्चा में है। आम आदमी पार्टी और DMK इस बैठक में शामिल नहीं हुईं। रिपोर्टों के अनुसार दोनों दलों ने INDIA गठबंधन की इस बैठक से दूरी रखी है। वहीं समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव भी बैठक में मौजूद नहीं रहे। उनकी जगह पार्टी के सांसद प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। अखिलेश यादव की गैरमौजूदगी को लेकर अलग-अलग राजनीतिक चर्चाएं हैं, जबकि SP की ओर से राज्यसभा चुनाव की तैयारियों का हवाला दिया गया है।

बैठक से पहले दिल्ली में दिखा पोस्टर विवाद

INDIA गठबंधन की बैठक से पहले दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब के आसपास कुछ पोस्टर लगाए गए। इनमें राहुल गांधी, अखिलेश यादव, अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी, उद्धव ठाकरे और दूसरे विपक्षी नेताओं की तस्वीरों के साथ चुनाव आयोग को लेकर उनके कथित दोहरे रुख पर सवाल उठाए गए। इन पोस्टरों में विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए “दोगलापन” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया। हालांकि, इन पोस्टरों के पीछे किस संगठन या व्यक्ति का हाथ है, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।

Read More-अमेरिका ने मानी भारत की ताकत, डिफेंस रिपोर्ट में सामने आई ये बड़ी बात

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img