महंगाई का बड़ा झटका! अक्टूबर में 12.29% पर पहुंची थोक महंगाई, क्या अब और महंगी होंगी रोजमर्रा की चीजें?

देश में महंगाई का दबाव लगातार बढ़ रहा है। अक्टूबर 2026 के थोक महंगाई (WPI) के आंकड़ों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में थोक महंगाई दर बढ़कर 12.29 फीसदी पर पहुंच गई। सितंबर में यह आंकड़ा 11.39 फीसदी था। यानी महज एक महीने में महंगाई दर में 0.90 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। थोक मूल्य सूचकांक (WPI) भी सितंबर के 112.5 से बढ़कर अक्टूबर में 113.3 हो गया। खास बात यह है कि पिछले साल अक्टूबर में थोक महंगाई दर -1.21 फीसदी थी। ऐसे में एक साल के भीतर कीमतों में आई यह तेजी अर्थव्यवस्था के लिए चिंता का विषय बन गई है।

ईंधन और बिजली की कीमतों ने बिगाड़ा पूरा गणित

अक्टूबर में महंगाई बढ़ने के पीछे सबसे बड़ी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी रही। इस श्रेणी की महंगाई दर सितंबर के 25.85 फीसदी से बढ़कर अक्टूबर में 32.84 फीसदी हो गई। खनिज तेल, कच्चे पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस और बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर इस आंकड़े पर पड़ा है। इसके अलावा प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई भी 8.67 फीसदी से बढ़कर 9.24 फीसदी हो गई। हालांकि, विनिर्मित उत्पादों के मामले में थोड़ी राहत देखने को मिली। इनकी महंगाई दर सितंबर के 9.76 फीसदी से घटकर अक्टूबर में 9.54 फीसदी पर आ गई। इसके बावजूद ईंधन और ऊर्जा क्षेत्र में आई तेज महंगाई ने कुल थोक महंगाई को ऊपर पहुंचा दिया।

खाने-पीने की चीजों में राहत, लेकिन अभी चिंता बरकरार

खाद्य वस्तुओं की कीमतों के मोर्चे पर अक्टूबर में मामूली राहत जरूर मिली है। WPI फूड इंडेक्स के अनुसार, खाद्य महंगाई दर सितंबर के 8.66 फीसदी से घटकर अक्टूबर में 8.58 फीसदी रह गई। यानी खाने-पीने की चीजों की महंगाई में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, यह राहत इतनी बड़ी नहीं है कि आम लोगों को महंगाई से पूरी तरह राहत मिल सके। खाद्य पदार्थों के अलावा धातुओं, रसायनों, कपड़ों और रबर-प्लास्टिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी भी महंगाई के दबाव को बढ़ा रही है। इसका असर कारोबारियों की लागत पर पड़ सकता है। अगर कंपनियों की उत्पादन लागत बढ़ती है तो आने वाले समय में इसका बोझ ग्राहकों तक भी पहुंच सकता है।

क्या आने वाले महीनों में और बढ़ेगी महंगाई?

अक्टूबर के आंकड़ों को देखते हुए आने वाले महीनों में महंगाई पर नजर रखना बेहद जरूरी होगा। खासकर ईंधन और ऊर्जा की कीमतों में लगातार तेजी बनी रहती है तो परिवहन, उत्पादन और सामान की आपूर्ति से जुड़ी लागत बढ़ सकती है। इसका असर धीरे-धीरे बाजार में मिलने वाली चीजों की कीमतों पर भी दिखाई दे सकता है। सरकार ने अगस्त 2026 के लिए थोक महंगाई के अंतिम आंकड़े को 9.92 फीसदी पर बरकरार रखा है। वहीं, अक्टूबर के आंकड़े 81.1 फीसदी की भारित प्रतिक्रिया दर के आधार पर तैयार किए गए हैं। मंत्रालय के अनुसार, नवंबर 2026 के WPI, OPPI और IPPI के आंकड़े 14 दिसंबर को जारी किए जाएंगे। अब सबकी नजर अगले महीने आने वाले आंकड़ों पर रहेगी, जिनसे पता चलेगा कि महंगाई की रफ्तार पर लगाम लगती है या आम लोगों की मुश्किलें और बढ़ती हैं

Read more-जय शाह फिर बने ICC के बाॅस, निर्विरोध चुने गए चेयरमैन; अब क्रिकेट में करने जा रहे हैं ये बड़े बदलाव!

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img