उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन में सीटों का बंटवारा किस आधार पर होगा, इसे लेकर पार्टी के भीतर मंथन शुरू हो गया है। इसी सिलसिले में सोमवार, 16 नवंबर को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने दिल्ली स्थित अपने आवास पर अहम बैठक बुलाई है। इसमें राहुल गांधी, यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के शामिल होने की संभावना है। बैठक में प्रदेश के राजनीतिक हालात, पार्टी की चुनावी ताकत और सपा के सामने रखे जाने वाले सीटों के प्रस्ताव पर चर्चा होगी।
181 सीटों की सूची तैयार, 17 नवंबर को सपा से बातचीत
सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने विधानसभा की करीब 181 सीटों को अपनी प्राथमिकता में रखा है। पार्टी इस सूची को समाजवादी पार्टी के सामने रखकर सीट बंटवारे पर बातचीत करना चाहती है। दोनों दलों के बीच 17 नवंबर को प्रस्तावित बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। कांग्रेस का मानना है कि जिन क्षेत्रों में उसका संगठन मजबूत है या जहां पार्टी का प्रभाव रहा है, वहां उसे चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए। हालांकि अंतिम फैसला दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व की सहमति के बाद ही होगा। फिलहाल कांग्रेस अपनी मांगों को मजबूती से रखने की तैयारी में है।
अमेठी-रायबरेली से लखनऊ और वाराणसी तक नजर
कांग्रेस की संभावित सूची में कई महत्वपूर्ण जिलों की विधानसभा सीटें शामिल बताई जा रही हैं। सहारनपुर की गंगोह, नकुड़, बेहट और सहारनपुर देहात सीट पर पार्टी की नजर है। रायबरेली में बछरावां, सरेनी, ऊंचाहार, सलोन और सदर के अलावा अमेठी की तिलोई, गौरीगंज और जगदीशपुर सीट भी प्राथमिकता में हैं। लखनऊ की सरोजनीनगर, मलिहाबाद और बक्शी का तालाब तथा वाराणसी की पिंडरा, कैंट, रोहनिया, अजगरा और सेवापुरी सीटों को भी सूची में जगह मिली है। इसके अलावा सीतापुर, प्रयागराज, बाराबंकी, आगरा और कानपुर की कई सीटों पर भी कांग्रेस दावा कर सकती है।
सांसदों वाले जिलों में ज्यादा सीटें मांगने की तैयारी
कांग्रेस की रणनीति केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं है। पार्टी की नजर महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, प्रतापगढ़, फतेहपुर, बांदा, उन्नाव, हरदोई, बदायूं, बलरामपुर, गोंडा और सिद्धार्थनगर जैसे जिलों पर भी है। सूत्रों के अनुसार, जिन जिलों में कांग्रेस के सांसद हैं, वहां कम से कम तीन विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी है। कुछ जिलों में दो और अन्य क्षेत्रों में कम से कम एक सीट मांगने की योजना बताई जा रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि सपा कांग्रेस की 181 सीटों वाली मांग पर कितना सहमत होती है। 17 नवंबर की बातचीत से गठबंधन के चुनावी समीकरण की तस्वीर काफी हद तक साफ हो सकती है।








