राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा बढ़ा दी है। दोनों नेताओं की मुलाकात दिल्ली में मीसा भारती के आवास पर हुई। इस मुलाकात की तस्वीरें बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं। बताया गया कि लालू यादव नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए दिल्ली पहुंचे हैं और फिलहाल एम्स में उनका इलाज चल रहा है। इसी दौरान सोनिया गांधी ने उनसे मिलने की इच्छा जताई और मुलाकात करने पहुंचीं। परिवार की ओर से लालू यादव की तबीयत स्थिर बताई गई है।
मीसा भारती के आवास पर हुई दोनों दिग्गज नेताओं की मुलाकात
सोनिया गांधी और लालू प्रसाद यादव की यह मुलाकात ऐसे समय हुई है, जब दोनों परिवारों के पुराने राजनीतिक रिश्ते एक बार फिर चर्चा में हैं। तेजस्वी यादव ने बताया कि सोनिया गांधी को लालू यादव के दिल्ली आने की जानकारी दी गई थी। इसके बाद उन्होंने उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की। दोनों नेताओं के बीच काफी समय से मुलाकात नहीं हुई थी। ऐसे में यह मुलाकात स्वास्थ्य का हाल जानने और पुराने संबंधों को याद करने का अवसर बनी।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीरें
आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री @laluprasadrjd जी से आदरणीय श्रीमती सोनिया गांधी जी ने मुलाक़ात की।
देश के दो सबसे अनुभवी नेताओं की यह मुलाकात पारिवारिक व आत्मीय रही। दोनों लंबे समय से एक दूसरे के सुख-दुख में मजबूती से एक साथ खड़े रहे है।
UPA की विकास गाथा पर उनके संघर्ष, संस्मरण, चिंतन और उपलब्धियों को सुनना और उससे सीखना मेरा सौभाग्य है। उनसे प्रेरणा मिलती है कि दृढ़ संकल्प और सही दिशा में की गई मेहनत हमेशा सकारात्मक परिणाम देती है।
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 2, 2026
तेजस्वी यादव ने मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि सोनिया गांधी और लालू यादव के बीच लंबे समय से अच्छे संबंध रहे हैं। राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव और मुश्किल दौर में भी दोनों परिवार एक-दूसरे के साथ खड़े रहे हैं। उन्होंने इस मुलाकात को पारिवारिक और पुराने रिश्तों से जुड़ा बताया। तस्वीरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मुलाकात की चर्चा शुरू हो गई।
लालू यादव ने याद किया UPA सरकार का कार्यकाल
आदरणीय मैडम श्रीमती सोनिया गांधी जी ने आवास पहुँच स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की। इस दौरान पुराने दिनों की यादें ताजा हुई।
स्मरण किया कि कैसे UPA सरकार के दिनों में हम लोगों ने युवाओं, किसानों, जवानों और आम आदमी के लिए पारदर्शी व जनकल्याणकारी योजनाएं लागू की तथा मनरेगा, RTE, RTI जैसी कानूनों से देशवासियों को सशक्त किया गया। सरदार मनमोहन सिंह जी के नेतृत्व में बिहार के विकास के लिए हम लोगों ने कैसे 1 लाख 45 हज़ार करोड़ से अधिक की धनराशि दी।
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) November 2, 2026
लालू प्रसाद यादव ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए यूपीए सरकार के समय को याद किया। उन्होंने मनरेगा, शिक्षा का अधिकार (RTE) और सूचना का अधिकार (RTI) जैसे कानूनों का जिक्र किया। लालू यादव के मुताबिक, तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सरकार ने आम लोगों, किसानों, युवाओं और सैनिकों के हित में कई योजनाएं लागू की थीं। उन्होंने बिहार के विकास के लिए केंद्र से मिले आर्थिक सहयोग का भी उल्लेख किया।
तेजस्वी ने विपक्षी एकजुटता पर भी दिया जोर
इस मुलाकात के दौरान विपक्षी राजनीति से जुड़े मुद्दे भी चर्चा में रहे। तेजस्वी यादव ने इंडिया गठबंधन की रैली का जिक्र करते हुए कहा कि देश के सामने मौजूद चुनौतियों का मुकाबला करने के लिए विपक्षी दलों का एकजुट रहना जरूरी है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष की ओर से जारी अभियान का भी उल्लेख किया। तेजस्वी के मुताबिक, विपक्ष अपनी मांगों को लेकर आगे भी आवाज उठाता रहेगा। ऐसे में सोनिया गांधी और लालू यादव की मुलाकात को पुराने रिश्तों के साथ-साथ विपक्षी एकजुटता के संदर्भ में भी देखा जा रहा है।








