दुनिया में कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जो सुनने में किसी फिल्म की कहानी जैसे लगते हैं, लेकिन हकीकत उससे भी ज्यादा चौंकाने वाली होती है। ऐसा ही एक मामला China से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति के गले में धातु की करीब 12 सेंटीमीटर लंबी चॉपस्टिक पूरे 8 साल तक फंसी रही। हैरानी की बात यह है कि व्यक्ति को इस बारे में जानकारी होने के बावजूद उसने लंबे समय तक इलाज नहीं कराया। यह घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है और लोग इसे लापरवाही का बड़ा उदाहरण मान रहे हैं।
शराब के दौरान निगली चॉपस्टिक, फिर टालता रहा इलाज
रिपोर्ट्स के अनुसार, वांग नाम का यह व्यक्ति करीब आठ साल पहले शराब के नशे में गलती से चॉपस्टिक निगल बैठा था। शुरुआत में उसे हल्का दर्द जरूर महसूस हुआ, लेकिन सांस लेने में कोई दिक्कत नहीं होने के कारण उसने इसे गंभीरता से नहीं लिया। डॉक्टरों ने उस समय सर्जरी की सलाह दी थी, जिसमें गर्दन के जरिए चॉपस्टिक निकालनी पड़ती, लेकिन वांग ने इस प्रक्रिया से डरकर इलाज से इनकार कर दिया। यही फैसला बाद में उसके लिए बड़ी परेशानी का कारण बना।
सालों तक सहता रहा दर्द
समय बीतने के साथ वांग को गले में बीच-बीच में असहजता महसूस होती रही, लेकिन उसने इसे नजरअंदाज किया। धीरे-धीरे समस्या बढ़ती गई और हालात तब बिगड़ गए जब उसे हर सुबह तेज दर्द होने लगा और खाना निगलने में दिक्कत आने लगी। आखिरकार मजबूर होकर वह Dalian Central Hospital पहुंचा। जांच के दौरान डॉक्टर यह जानकर हैरान रह गए कि उसके गले में एक लंबी धातु की चॉपस्टिक फंसी हुई है।
बिना बड़ी सर्जरी के हुआ इलाज
डॉक्टरों ने जांच में पाया कि चॉपस्टिक गले के सॉफ्ट हिस्से में फंसी हुई थी, लेकिन सौभाग्य से इससे आसपास के महत्वपूर्ण अंगों को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ था। वांग ने एक बार फिर बड़ी सर्जरी से इनकार कर दिया, जिसके बाद डॉक्टरों ने मुंह के जरिए मिनिमली इनवेसिव तकनीक अपनाई। इस प्रक्रिया के तहत बिना गर्दन काटे चॉपस्टिक को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया गया। ऑपरेशन के दौरान बहुत कम खून बहा और मरीज की स्थिति स्थिर बनी रही। इस मामले ने यह साबित कर दिया कि समय पर इलाज न कराना कितना खतरनाक हो सकता है।
Read More-लखनऊ में रिश्तों का कत्ल! मौसा ने रची ऐसी साजिश कि पुलिस भी रह गई हैरान








