Lucknow Road Collapse: राजधानी लखनऊ में सड़क धंसने की घटना ने लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा के आवास के सामने मुख्य सड़क अचानक धंस गई और देखते ही देखते वहां करीब 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा बन गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार गड्ढे में जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
चलती सड़क अचानक धंसी, बाइक सवार गड्ढे में गिरा
घटना आईटी चौराहे से पहले मुख्य मार्ग पर हुई। बताया जा रहा है कि सड़क के बीचों-बीच अचानक जमीन धंसने से बड़ा गड्ढा बन गया। इसी दौरान बाइक से गुजर रहा व्यक्ति इसकी चपेट में आ गया। बाइक समेत गड्ढे में गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए पहुंचकर घायल बाइक सवार को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भेजा। फिलहाल अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।
10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा देख लोग हुए हैरान
सड़क के बीच इतना बड़ा गड्ढा बनने से आसपास से गुजर रहे लोगों में दहशत फैल गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी। गड्ढा काफी गहरा होने के कारण यहां बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ था। खासकर रात के समय वाहन चालकों के लिए यह जगह बेहद जोखिम भरी हो सकती थी। घटना के बाद प्रशासन और संबंधित विभाग ने मौके की स्थिति का जायजा लेना शुरू किया।
बैरकेटिंग कर रास्ता किया गया बंद
हादसे के बाद गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग लगा दी गई है, ताकि कोई दूसरा वाहन इसकी चपेट में न आए। इस मार्ग पर फिलहाल आवाजाही रोक दी गई है। लोगों को दूसरे रास्तों से जाने की सलाह दी जा रही है। सड़क धंसने की असली वजह क्या है, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल प्राथमिकता गड्ढे को सुरक्षित करने और किसी अन्य दुर्घटना को रोकने की है।
बड़े हादसे के बाद उठे सड़क की गुणवत्ता पर सवाल
राजधानी के व्यस्त मार्ग पर अचानक सड़क धंसने की घटना ने निर्माण और सड़क की देखरेख को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सड़क के नीचे किसी पाइपलाइन में लीकेज, पानी के बहाव या अन्य तकनीकी कारणों की वजह से जमीन कमजोर होने की संभावना हो सकती है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। संबंधित विभाग की जांच के बाद ही सड़क धंसने की वास्तविक वजह सामने आएगी।
Read More-चिराग पासवान को डाक से मिली ऐसी चिट्ठी कि मचा हड़कंप, जान से मारने की धमकी के बाद बढ़ी चिंता







