Weather Update: 19 अगस्त को दिल्ली-NCR में मौसम सुहावना रह सकता है। कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी बारिश देखने को मिल सकती है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश का दौर जारी रहेगा। पूर्वी यूपी में भारी बारिश, जबकि कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। हालांकि ज्यादा बारिश वाले इलाकों में जलभराव की परेशानी भी हो सकती है।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश की संभावना
बिहार में 19 अगस्त को कई जगहों पर बारिश होने का अनुमान है। कुछ जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है। झारखंड में भी बारिश का असर देखने को मिलेगा। वहीं ओडिशा में मौसम ज्यादा खराब रहने की संभावना है। यहां कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ जैसे इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
उत्तराखंड और हिमाचल में भी बारिश का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, पौड़ी और ऊधमसिंह नगर में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में सड़क बंद होने और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा और सिरमौर में भी भारी बारिश का अनुमान है। राजस्थान में ज्यादातर जगह मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है, हालांकि पूर्वी हिस्सों में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 19 अगस्त को दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और विदर्भ समेत कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिलेगा।
Read More-275 किलो के 16 साल के किशोर की हुई सर्जरी, कैसै कम हुआ 50 किलो वजन कम? डॉक्टर भी रह गए हैरान








