दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान एक कार्यकर्ता पर हमले का मामला सामने आया है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने आरोप लगाया है कि उनके एक समर्थक को कुछ लोगों ने घेरकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पार्टी नेताओं का कहना है कि यह हमला उनके आंदोलन को कमजोर करने और प्रदर्शनकारियों में डर पैदा करने के लिए किया गया। घटना के बाद घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले को लेकर पार्टी ने दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।
बेटी ने सुनाई पूरी घटना, वीडियो हुआ वायरल
घायल व्यक्ति की बेटी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में लड़की ने बताया कि कुछ लोगों ने उसे रास्ते में रोक लिया था। उसका आरोप है कि जब उसके पिता उसे बचाने पहुंचे तो उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। परिवार का कहना है कि हमले में कई लोग शामिल थे और जानबूझकर गंभीर चोट पहुंचाई गई। वीडियो वायरल होने के बाद कई लोग मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं। हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक वीडियो को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
SC/ST एक्ट और कड़ी धाराएं लगाने की मांग
सीजेपी के प्रवक्ता सौरभ दास ने कहा कि पुलिस ने अब तक केवल एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जबकि हमले में कई लोग शामिल थे। उन्होंने मांग की कि मामले में एससी-एसटी एक्ट और हत्या की कोशिश जैसी गंभीर धाराएं लगाई जाएं। पार्टी का दावा है कि डॉक्टरों ने घायल व्यक्ति की चोट को गंभीर बताया है, लेकिन पुलिस रिकॉर्ड में चोट को कम गंभीर दिखाया गया। इसी वजह से पार्टी नेताओं ने जांच पर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
मांग पूरी होने तक जारी रहेगा प्रदर्शन
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और मामले में उचित कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की है। पार्टी का यह भी आरोप है कि उनके कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया पर धमकियां मिल रही हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है। इस घटना के बाद जंतर-मंतर पर चल रहा प्रदर्शन एक बार फिर चर्चा का विषय बन गया है।
Read more-ग्रेटर नोएडा में अचानक क्यों थम गई रफ्तार? जिम्स अस्पताल विवाद ने सड़क से सियासत तक मचाया बवाल








