प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था, जब भारत में कई उत्सव और खास दिवस विदेशी सोच के आधार पर तय किए जाते थे। हालांकि, अब देश अपनी संस्कृति, इतिहास और महान नायकों को अपने स्वाभिमान के साथ याद कर रहा है। पीएम मोदी के इस बयान को कांग्रेस पर निशाने के रूप में देखा जा रहा है।
भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन, बताया प्रेरणा का स्रोत
प्रधानमंत्री ने जनजातीय गौरव दिवस को आदिवासी समाज के सम्मान और गौरव से जुड़ा पर्व बताया। उन्होंने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पीएम मोदी ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन, उनका संघर्ष और अंग्रेजों के खिलाफ किया गया उलगुलान आज भी देश के लोगों को प्रेरित करता है। उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े देशभर के लोगों को इस अवसर की शुभकामनाएं भी दीं।
जनजातीय गौरव दिवस को लेकर पीएम मोदी ने बताई बड़ी बात
पीएम मोदी ने कहा कि 15 नवंबर 2021 से जनजातीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत की गई थी। अब यह आयोजन केवल एक खास दिन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय उत्सव का रूप ले चुका है। उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती के मौके पर पिछले साल देशभर में दो लाख से ज्यादा कार्यक्रम आयोजित हुए थे। इनमें करोड़ों लोगों ने भाग लेकर जनजातीय नायकों के योगदान को याद किया।
गरीबी और नक्सलवाद पर कही ये बात, 170 से अधिक परियोजनाओं का जिक्र
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने गरीबी और नक्सलवाद से मुक्ति को देश की दो बड़ी उपलब्धियां बताया। उनके मुताबिक, करीब 50 करोड़ लोग भीषण गरीबी से बाहर आए हैं और देश नक्सलवाद तथा माओवादी आतंक के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल कर रहा है। इसके अलावा, जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर अलग-अलग राज्यों में 170 से अधिक विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और 70 से ज्यादा परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन योजनाओं से आदिवासी समाज के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।







