Home देश रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देख भारतीय बॉक्सर ने किया ऐसा...

रेस्टोरेंट में भारत का गलत नक्शा देख भारतीय बॉक्सर ने किया ऐसा काम, PM मोदी भी हुए मुरीद, देखें VIDEO

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में गोल्ड जीतने वाली लवलीना बोरगोहेन ने ग्लासगो के रेस्टोरेंट में भारत के गलत नक्शे पर आपत्ति जताई। PM मोदी ने इस कदम की तारीफ की।

16
Lovlina Borgohain

PM Modi Meet CWG 2026 Champions: ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। भारत ने कुल 39 मेडल अपने नाम किए, जिसमें 13 गोल्ड, 17 सिल्वर और 9 ब्रॉन्ज शामिल हैं। गेम्स खत्म होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके अनुभवों के बारे में जाना। इस दौरान बॉक्सर लवलीना बोरगोहेन से जुड़ा एक खास किस्सा भी सामने आया, जिसकी पीएम मोदी ने जमकर तारीफ की।

रेस्टोरेंट में भारत का नक्शा देखकर लवलीना ने जताई आपत्ति

लवलीना बोरगोहेन ने बताया कि ग्लासगो में वह एक रेस्टोरेंट गई थीं। वहां उन्हें भारत का नक्शा सही नहीं लगा। इसे देखने के बाद उन्होंने रेस्टोरेंट के कर्मचारियों से इस बारे में बात की। लवलीना ने कहा कि वह वहां जीत का जश्न मनाने गई थीं, लेकिन भारत का गलत नक्शा देखकर उन्हें अच्छा नहीं लगा। उन्होंने रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों को शांत तरीके से अपनी बात समझाई। इसके बाद रेस्टोरेंट की ओर से नक्शे में बदलाव भी किया गया।

PM मोदी ने पूछा- रेस्टोरेंट वाले से झगड़ा क्यों कर रही थीं?

प्रधानमंत्री मोदी ने खिलाड़ियों से बातचीत के दौरान लवलीना से इसी घटना के बारे में मजाकिया अंदाज में पूछा कि आखिर वह रेस्टोरेंट वाले से क्यों उलझ रही थीं। इस पर लवलीना ने मुस्कुराते हुए पूरी बात बताई। उन्होंने कहा कि यह खुशी का मौका था और सभी जश्न मना रहे थे, लेकिन भारत का बिगड़ा हुआ नक्शा उन्हें पसंद नहीं आया। उन्होंने रेस्टोरेंट वालों को प्यार से समझाया और उन्होंने बात मानते हुए उसमें बदलाव कर दिया।

PM मोदी ने लवलीना के कदम को बताया खास

लवलीना की बात सुनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गेम्स खत्म होने के बाद जब खिलाड़ी अपनी जीत का जश्न मना रही थीं, उस समय भी उन्होंने भारत के नक्शे की अहमियत पर ध्यान दिया। पीएम ने कहा कि यह कोई सामान्य बात नहीं थी और इस घटना को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। लवलीना ने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स में 75 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीता है।

PM मोदी ने शेयर किया खिलाड़ियों से मुलाकात का VIDEO

प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय खिलाड़ियों के साथ हुई इस मुलाकात का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर शेयर किया। वीडियो में लवलीना के अलावा गोल्ड मेडल जीतने वाली बॉक्सर साक्षी चौधरी और भारतीय दल के अन्य खिलाड़ी भी नजर आए। पीएम मोदी ने पोस्ट के साथ #Cheer4Bharat लिखा। इस मुलाकात में उन्होंने खिलाड़ियों से ग्लासगो में उनके अनुभव, तैयारी और प्रतियोगिता से जुड़े कई पहलुओं पर बातचीत की।

Read more-आखिरी ओवर में चाहिए थे 16 रन, फिर सिराज ने मचा दिया तहलका… बैट देखकर श्रीलंकाई खिलाड़ी भी रह गए हैरान!