पाकिस्तान ने भारतीयों विमानों को लेकर लिया बड़ा फैसला, अब इस तारीख तक बंद रहेगा एयरस्पेस

Pakistan Airspace Ban: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव का असर दोनों देशों के हवाई संपर्क पर भी जारी है। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस पर लगी रोक को एक बार फिर बढ़ा दिया है। नए आदेश के मुताबिक भारतीय विमानों को अब 24 सितंबर 2026 तक पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यह प्रतिबंध सिर्फ यात्री विमानों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय सैन्य और अन्य संबंधित विमानों पर भी लागू रहेगा।

भारतीय विमानों पर सितंबर तक जारी रहेगी रोक

पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी की ओर से जारी नए NOTAM के अनुसार, भारत में रजिस्टर्ड विमानों को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल की इजाजत नहीं होगी। इसके अलावा भारतीय एयरलाइंस के संचालन या लीज पर लिए गए विमान भी इस पाबंदी के दायरे में हैं। भारतीय नागरिकों के स्वामित्व या संचालन वाले विमान और भारतीय वायुसेना के विमान भी पाकिस्तान के एयरस्पेस का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। यह रोक पाकिस्तान के कराची और लाहौर फ्लाइट इंफॉर्मेशन रीजन में लागू रहेगी। पहले यह पाबंदी 23 अगस्त को खत्म होनी थी, लेकिन अब इसे आगे बढ़ा दिया गया है।

लंबा होगा फ्लाइट रूट, बढ़ सकता है खर्च

पाकिस्तान का एयरस्पेस बंद होने का सबसे ज्यादा असर भारत से पश्चिम दिशा में जाने वाली अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पड़ता है। यूरोप, पश्चिम एशिया और अमेरिका की ओर जाने वाली कई फ्लाइट्स को पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र से बचने के लिए वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है। इससे विमानों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। नतीजतन उड़ान का समय बढ़ सकता है और ईंधन की खपत भी ज्यादा होती है। इसका सीधा असर एयरलाइंस के ऑपरेशनल खर्च पर पड़ सकता है। यात्रियों के लिए भी कुछ रूट पर यात्रा का समय बढ़ने की स्थिति बन सकती है।

अप्रैल 2025 के बाद से जारी है एयरस्पेस विवाद

भारत और पाकिस्तान के बीच विमानों के एयरस्पेस इस्तेमाल पर रोक अप्रैल 2025 में दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने के बाद शुरू हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान ने कई बार इस पाबंदी की अवधि बढ़ाई है। ताजा फैसले के बाद भारतीय विमानों के लिए यह रोक कम से कम 24 सितंबर 2026 की सुबह 4:59 बजे तक जारी रहेगी। यानी फिलहाल भारतीय विमान पाकिस्तान के एयरस्पेस से होकर सामान्य तौर पर उड़ान नहीं भर सकेंगे।

भारत ने भी पाकिस्तानी विमानों पर लगा रखी है रोक

एयरस्पेस को लेकर यह स्थिति एकतरफा नहीं है। भारत की ओर से भी पाकिस्तानी रजिस्ट्रेशन वाले विमानों और वहां की एयरलाइंस के साथ सैन्य विमानों के लिए प्रतिबंध लागू है। इसका मतलब है कि दोनों देशों की विमान सेवाओं को एक-दूसरे के हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं है। फिलहाल पाकिस्तान की ओर से भारतीय विमानों पर रोक को सितंबर तक बढ़ाए जाने से दोनों देशों के बीच हवाई संपर्क सामान्य होने की उम्मीदों को एक और झटका लगा है।

Read More-Hardik Pandya को लेकर Mumbai Indians ने किया ऐसा पोस्ट, देखकर फैंस भी रह गए हैरान

Hot this week

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img