ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के कथित निधन की खबर सामने आते ही अंतरराष्ट्रीय राजनीति से लेकर भारत के धार्मिक और सामाजिक हलकों में हलचल तेज हो गई है। ईरानी मीडिया के हवाले से आई इस सूचना के बाद भारत में शिया समुदाय के बीच शोक और गुस्से का माहौल देखा जा रहा है। इस घटनाक्रम को ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे तनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि आधिकारिक स्तर पर अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन खबर ने वैश्विक स्तर पर नई चिंताओं को जन्म दे दिया है।
मौलाना यासूब अब्बास का बयान—शोक के साथ चेतावनी
इस पूरे मामले पर शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे केवल एक मौत नहीं, बल्कि “शहादत” करार देते हुए तीन दिन के शोक का ऐलान किया। उनका कहना है कि अगर यह खबर सही साबित होती है, तो इसे ईरान के इतिहास की सबसे बड़ी कुर्बानियों में गिना जाएगा। मौलाना यासूब अब्बास ने यह भी कहा कि कुछ ताकतें यह भ्रम पाल रही हैं कि उन्होंने ईरान को कमजोर कर दिया है, लेकिन सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। उनके मुताबिक, शहादत डरने की नहीं, बल्कि हौसला बढ़ाने की चीज है।
‘ईरान जवाब देगा’—बदल सकते हैं हालात
मौलाना यासूब अब्बास ने साफ शब्दों में कहा कि अब तक ईरान बातचीत और संयम की नीति पर चलता रहा है। उनका दावा है कि ईरान डिफेंस मोड में था, न कि अटैक मोड में। लेकिन मौजूदा हालात में तस्वीर बदल सकती है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका और इजरायल को ईरान के जवाब के लिए तैयार रहना चाहिए। उनके अनुसार, अगर उकसाया गया तो ईरान के पास इतनी ताकत है कि वह दुश्मनों के ठिकानों को भारी नुकसान पहुंचा सकता है। इस बयान के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
तीन दिन का शोक, शांति और एकजुटता की अपील
इस बीच ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने भी तीन दिन के शोक का औपचारिक ऐलान किया है। बोर्ड ने देशभर के शिया समुदाय से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाह से दूर रहें। साथ ही, अमेरिका और इजरायल की नीतियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर करते हुए ईरान के साथ एकजुटता दिखाने की बात कही गई है। बोर्ड का कहना है कि मौजूदा हालात बेहद संवेदनशील हैं और ऐसे समय में संयम और समझदारी सबसे ज्यादा जरूरी है।
Raed more-ईरान ने की ट्रंप को मारने की कोशिश? दुनिया को हिला देने वाला आरोप, UN में अमेरिका का सनसनीखेज दावा








