ओडिशा के बालासोर जिले में एक साथ पांच युवा ओरंगुटान मिलने से वन विभाग और वन्यजीव अधिकारियों के बीच हलचल मच गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि भारत में प्राकृतिक रूप से नहीं पाए जाने वाले ये जानवर ओडिशा के जंगल तक आखिर पहुंचे कैसे? उदयपुर-तलसारी इलाके में कैसुरीना के बागान से मिले इन पांचों ओरंगुटान को रेस्क्यू कर भुवनेश्वर के नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क भेजा गया है। मामले में वन्यजीव तस्करी की आशंका को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
बागान में मिले पांच ओरंगुटान, रात में पहुंचाया गया नंदनकानन
वन विभाग की टीम को उदयपुर-तलसारी इलाके में पांच युवा ओरंगुटान मिलने की जानकारी मिली थी। इसके बाद सभी को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया गया। रात करीब 10:30 बजे इन्हें नंदनकानन जूलॉजिकल पार्क पहुंचाया गया। चिड़ियाघर पहुंचते ही उनकी मेडिकल जांच की गई और उन्हें साफ करने के बाद अलग क्वारंटीन क्षेत्र में रखा गया। इस पूरे इलाके में सीसीटीवी निगरानी की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ ओरंगुटान केले खाते हुए नजर आए हैं। इनमें दो काफी छोटे बताए जा रहे हैं।
एक ओरंगुटान को था बुखार, डॉक्टर रख रहे नजर
नंदनकानन में पहुंचने के बाद पांचों जानवरों की सेहत पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, इनमें से एक ओरंगुटान को बुखार था। पशु चिकित्सकों ने उसे दवा दी, जिसके बाद उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई गई है। बाकी ओरंगुटान की भी नियमित जांच की जा रही है। उनकी उम्र, स्वास्थ्य और दूसरी जरूरी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि सभी जानवर एक ही जगह से आए हैं या उन्हें अलग-अलग स्थानों से यहां लाया गया था।
भारत में ओरंगुटान आने का रास्ता बना सबसे बड़ा सवाल
ओरंगुटान भारत के मूल निवासी नहीं हैं। ये प्राकृतिक रूप से दक्षिण-पूर्व एशिया के बोर्नियो और सुमात्रा जैसे इलाकों में पाए जाते हैं। दुनिया में इनकी तीन जीवित प्रजातियां मानी जाती हैं—बोर्नियन, सुमात्रन और तपनुली ओरंगुटान। ऐसे में बालासोर में पांच युवा ओरंगुटान का एक साथ मिलना कई सवाल खड़े करता है। वन विभाग यह जांच कर रहा है कि इन्हें भारत में हवाई, समुद्री या किसी दूसरे रास्ते से लाया गया था या नहीं। अवैध वन्यजीव तस्करी का एंगल भी जांच में शामिल है। हालांकि अभी इनके भारत पहुंचने की असली वजह और इसके पीछे कौन है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
Read more-MR का बैग, फर्स्ट AC का सफर और 75 लीटर शराब… नेहा के इस राज ने पुलिस को क्यों किया हैरान?







