दक्षिण भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार थलपति विजय इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। खबरें सामने आ रही हैं कि उनकी शादीशुदा जिंदगी में बड़ा मोड़ आ गया है और उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम ने तलाक के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दोनों की शादी को करीब 27 साल हो चुके हैं और इतने लंबे रिश्ते के बाद अलग होने की खबर ने उनके प्रशंसकों को भी चौंका दिया है।
हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर विजय और अभिनेत्री तृषा कृष्णन की कुछ तस्वीरें तेजी से वायरल हुई थीं। इन तस्वीरों में दोनों एक शादी समारोह में साथ नजर आए थे। इसके बाद से ही इंटरनेट पर दोनों के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं।
इसी बीच अब एक नई जानकारी सामने आई है कि विजय की पत्नी संगीता ने अदालत में एक खास मांग रखी है। इस खबर ने पूरे मामले को और भी ज्यादा चर्चा में ला दिया है और फैंस यह जानने के लिए उत्सुक हैं कि आखिर दोनों के रिश्ते में क्या चल रहा है।
कोर्ट में की अंतरिम आवास की मांग
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता सोरनालिंगम ने साल 2026 की शुरुआत में चेंगलपट्टू जिला अदालत में तलाक की याचिका दाखिल की थी। इस याचिका में उन्होंने अपने वैवाहिक अधिकारों से जुड़े कुछ अहम मुद्दे भी उठाए हैं। हाल ही में उन्होंने अदालत से अंतरिम आवासीय अधिकार यानी इंटरिम रेजिडेंस की मांग की है।
सरल शब्दों में कहें तो संगीता फिलहाल उसी घर में रहना चाहती हैं जहां वह पिछले कई वर्षों से रह रही हैं। उन्होंने कोर्ट से अनुरोध किया है कि तलाक की प्रक्रिया पूरी होने तक उन्हें उसी घर में रहने की अनुमति दी जाए।
कानूनी दस्तावेजों के अनुसार इस मामले में संगीता विजय यानी संगीता सोरनालिंगम को याचिकाकर्ता के रूप में दर्ज किया गया है, जबकि अभिनेता का पूरा नाम जोसेफ विजय चंद्रशेखर है और उन्हें इस केस में प्रतिवादी के रूप में सूचीबद्ध किया गया है। यह मामला 2026 की एसएमओपी कार्यवाही के अंतर्गत एक अंतरिम आवेदन के रूप में दर्ज किया गया है।
27 साल पुराना रिश्ता और अलग होने की वजह
थलपति विजय और संगीता की शादी साल 1999 में हुई थी। दोनों की मुलाकात एक फिल्मी कार्यक्रम के दौरान हुई थी, जिसके बाद उनका रिश्ता आगे बढ़ा और बाद में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों ने लंबे समय तक एक साथ खुशहाल जीवन बिताया और उनके दो बच्चे भी हैं।
हालांकि हाल के समय में उनके रिश्ते में तनाव की खबरें सामने आने लगीं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार संगीता ने विजय पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर का आरोप लगाया है। इन्हीं आरोपों के चलते उन्होंने अदालत में तलाक की अर्जी दी है।
कुछ खबरों में यह भी दावा किया गया है कि अगर दोनों का तलाक होता है तो संगीता को एलिमनी के तौर पर बड़ी रकम मिल सकती है। रिपोर्ट्स में करीब 250 करोड़ रुपये तक की राशि का जिक्र किया गया है। हालांकि अभी तक इस रकम को लेकर किसी आधिकारिक पुष्टि की जानकारी सामने नहीं आई है।
-तृषा कृष्णन के साथ दिखे विजय, चर्चा और तेज
तलाक की खबरों के बीच अभिनेता विजय हाल ही में अभिनेत्री तृषा कृष्णन के साथ एक शादी समारोह में नजर आए थे। दोनों एक साथ कार्यक्रम में पहुंचे और मीडिया के सामने तस्वीरें भी खिंचवाईं। जैसे ही यह तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आईं, इंटरनेट पर चर्चा और तेज हो गई।
कई यूजर्स ने इन तस्वीरों को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगानी शुरू कर दीं। कुछ लोगों ने दावा किया कि दोनों के बीच करीबी रिश्ता है, जबकि कई फैंस का कहना है कि यह सिर्फ एक दोस्ती हो सकती है और अफवाहों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है।
फिलहाल इस पूरे मामले में विजय या तृषा की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं कोर्ट में चल रही कानूनी प्रक्रिया के कारण भी दोनों पक्षों की ओर से ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा रही है।
हालांकि इतना तय है कि दक्षिण फिल्म इंडस्ट्री के इस चर्चित जोड़े के रिश्ते को लेकर लोगों की दिलचस्पी लगातार बनी हुई है और फैंस इस मामले से जुड़ी हर नई अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं।








