जियो हॉटस्टार के रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ का विवाद अब शो से बाहर भी पहुंच गया है। ग्रैंड फिनाले के दौरान अभिनेता और सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने एक्ट्रेस रानी चटर्जी को लेकर ‘मंथरा’ वाला तंज किया, जिसके बाद रानी ने सोशल मीडिया लाइव के जरिए उन्हें जवाब दिया। दोनों के बीच यह जुबानी जंग उस पुराने विवाद से जुड़ी है, जो शो में रानी के काजल राघवानी को सपोर्ट करने के दौरान शुरू हुआ था। रानी ने काजल को अपनी बात खुलकर रखने की सलाह दी थी, जिसके बाद शो में निरहुआ और आम्रपाली दुबे के साथ उनकी बहस की चर्चा हुई थी।
निरहुआ ने काजल से कहा- मंथरा तो नहीं आईं
ग्रैंड फिनाले के दौरान निरहुआ स्टैंडअप कॉमेडी करते नजर आए। इसी दौरान उन्होंने काजल राघवानी से रानी चटर्जी को लेकर मजाकिया अंदाज में कहा कि ‘मंथरा’ तो नहीं आईं, जो लड़ाई लगाकर चली गईं। यह बात रानी को पसंद नहीं आई और उन्होंने इंस्टाग्राम लाइव पर आकर निरहुआ पर पलटवार किया। रानी ने कहा कि अगर उन्हें ‘मंथरा’ कहा जा रहा है तो वह इसे स्वीकार कर लेंगी, लेकिन फिर यह भी बताया जाए कि खुद को राम मानने वाले लोग कौन हैं और शो में उनके साथ मौजूद अभिनेत्रियां किस किरदार में हैं। उन्होंने सवालिया अंदाज में कहा कि अगर वह मंथरा हैं तो बाकी सभी को राम और सीता मानने की बात क्यों की जा रही है?
रानी बोलीं- मैं कंटेस्टेंट नहीं थी, मुझे बुलाया गया था
रानी चटर्जी ने अपनी सफाई में कहा कि वह ‘भोजपुरी बवाल’ की कंटेस्टेंट बनकर नहीं गई थीं। उनके मुताबिक, उन्हें एक एपिसोड के लिए काजल राघवानी का समर्थन करने के लिए बुलाया गया था। बाद में दूसरे एपिसोड के लिए भी उन्हें संपर्क किया गया, इसलिए वह शो में पहुंचीं। रानी ने कहा कि उन्होंने वहां वही बात कही जो उन्हें सही लगी। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह कभी इस डर से पीछे नहीं हटीं कि किसी फिल्म से निकाल दिया जाएगा। रानी ने निरहुआ को जवाब देते हुए कहा कि अगर वह खुद को राम मानते हैं तो उन्हें मंथरा कहे जाने से उन्हें कोई परेशानी नहीं है।
‘सबूतों के साथ सब कुछ सामने रख दूंगी’
रानी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट के जरिए भी निरहुआ पर निशाना साधा। उन्होंने ‘शीशे के घर’ वाली कहावत का इस्तेमाल करते हुए तंज कसा और खुद को मंथरा तो निरहुआ को ‘शकुनी मामा’ तक कह दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कुछ वीडियो भी साझा किए। रानी ने संकेत दिया कि अगर उनके खिलाफ दोबारा कुछ कहा गया तो वह कथित सबूतों के साथ कई बातें सार्वजनिक कर सकती हैं। ऐसे में ‘भोजपुरी बवाल’ खत्म होने के बावजूद शो से जुड़े कलाकारों के बीच बयानबाजी का सिलसिला जारी रहने के संकेत मिल रहे हैं।
Read more-9 सितंबर की बैठक के बाद क्या होगा? सोनम वांगचुक ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी







