विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के वक्त फिल्म को लेकर ज्यादा चर्चा नहीं थी, लेकिन धीरे-धीरे दर्शकों के बीच इसकी लोकप्रियता बढ़ती गई। अब फिल्म 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस कलेक्शन के बेहद करीब पहुंच चुकी है। खास बात यह है कि इस फिल्म को बनाने में बहुत बड़ा बजट नहीं लगा था। इसी बीच फिल्म के डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी ने एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने सभी का ध्यान खींच लिया है। उन्होंने बताया कि रिलीज से पहले एक ओटीटी प्लेटफॉर्म ने उनकी फिल्म को स्वीकार करने से इनकार कर दिया था।
डायरेक्टर ने बताया, किस तरह हुआ था फिल्म का रिजेक्शन
इंडिया टीवी से बातचीत के दौरान विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि वह अपनी कहानी लेकर एक ओटीटी प्लेटफॉर्म के पास गए थे। उन्होंने वहां नीम करौली बाबा की कहानी को लेकर अपना विजन सामने रखा। डायरेक्टर के मुताबिक, उन्हें उम्मीद थी कि प्लेटफॉर्म उनकी कहानी को समझेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। फिल्म को रिजेक्ट कर दिया गया। विशाल ने यह भी कहा कि उन्हें फिल्म के रिजेक्शन से ज्यादा उस तरीके से परेशानी हुई, जिस अंदाज में उनकी कहानी को खारिज किया गया था। हालांकि, उन्होंने इस अनुभव को अपने लिए एक चुनौती की तरह लिया। उनके मुताबिक फिल्म मेकर के लिए रिजेक्शन कोई नई बात नहीं है, लेकिन किसी कहानी को बिना सही तरीके से समझे खारिज करना अलग बात है। यही सोच उनके लिए फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने की प्रेरणा बनी।
तीसरे हफ्ते में बदली तस्वीर, फिर तेजी से बढ़ी कमाई
‘हनुमान अंश’ 7 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। शुरुआत में फिल्म की कमाई काफी धीमी रही। पहले दिन फिल्म ने करीब 10 लाख रुपये का कारोबार किया। रिलीज के पहले सप्ताह में इसकी कमाई लगभग 1.80 करोड़ रुपये रही, जबकि दूसरे सप्ताह में यह आंकड़ा करीब 40 लाख रुपये तक ही पहुंचा। इसके बाद फिल्म को दर्शकों की तरफ से अच्छी प्रतिक्रिया मिलने लगी। पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का असर ऐसा हुआ कि तीसरे सप्ताह में सिनेमाघरों में दर्शकों की संख्या बढ़ने लगी और कई जगह शो हाउसफुल जाने लगे। इसका सीधा फायदा फिल्म की कमाई पर पड़ा। तीसरे सप्ताह में फिल्म ने करीब 10.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
चौथे हफ्ते में आया बड़ा उछाल, 100 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म
तीसरे सप्ताह की रफ्तार के बाद ‘हनुमान अंश’ ने चौथे सप्ताह में और बड़ी छलांग लगाई। फिल्म ने इस दौरान करीब 61 करोड़ रुपये का कारोबार किया। रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन करीब 97.77 करोड़ रुपये पहुंच चुका है, जबकि नेट कलेक्शन 82.88 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म की कहानी आध्यात्मिक गुरु नीम करौली बाबा के जीवन से प्रेरित है। डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने फिल्म की कहानी लिखने के साथ इसका निर्देशन और निर्माण भी किया है। फिल्म में शोभिनव सत्या मुख्य भूमिका में नजर आ रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या ‘हनुमान अंश’ जल्द ही 100 करोड़ रुपये के ग्रॉस क्लब में जगह बना पाएगी।
Read more-आधी रात को मचा कोहराम, खड़ी लॉरी से भिड़ी कार… 8 छात्रों की दर्दनाक मौत






