समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ एक बार फिर विवादों में है। हालिया एपिसोड में बिहार और कश्मीरी पंडितों से जुड़े मजाक को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई। अब इस मामले पर अभिनेता मनोज बाजपेयी की प्रतिक्रिया सामने आई है। समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में मनोज ने कहा कि अगर किसी बात का मकसद सिर्फ मजाक करना है तो उन्हें उससे परेशानी नहीं होती। उनके मुताबिक, लोगों को खुद पर और एक-दूसरे पर हंसना सीखना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मजाक के साथ सम्मान की सीमा बनाए रखना जरूरी है। मनोज ने कहा कि हमें न केवल अपनी भावनाओं का ध्यान रखना चाहिए, बल्कि उस व्यक्ति और उसकी पृष्ठभूमि का भी सम्मान करना चाहिए जिसके साथ हम मजाक कर रहे हैं।
जब बस ड्राइवर ने मनोज बाजपेयी को कहा था- ‘बिहारी’
मनोज बाजपेयी ने अपनी बात समझाने के लिए दिल्ली आने के शुरुआती दिनों का एक अनुभव भी साझा किया। उन्होंने बताया कि जब वह करीब 18 साल के थे और नए-नए दिल्ली पहुंचे थे, तब एक बार बस में चढ़ते समय उन्हें शहर के नियमों की जानकारी नहीं थी। वह बस के आगे वाले दरवाजे से चढ़ने लगे तो ड्राइवर ने उन्हें देखकर कहा कि पीछे के दरवाजे से चढ़ो और उन्हें ‘बिहारी’ कहकर संबोधित किया। मनोज ने बताया कि ड्राइवर को वास्तव में यह पता नहीं था कि वह बिहार से हैं, लेकिन संयोग से वह सच में बिहारी थे। अभिनेता के मुताबिक, उन्हें इस बात का बुरा नहीं लगा। बाद में जब अलग-अलग राज्यों से आए लोगों से उनकी दोस्ती हुई तो वे सभी एक-दूसरे के साथ मजाक करते थे। मनोज ने कहा कि आपसी सहजता और सम्मान हो तो लोग एक-दूसरे पर हंस सकते हैं।
शो में इन टिप्पणियों के बाद शुरू हुआ विवाद
दरअसल, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ के एक एपिसोड में समय रैना और शेरोन वर्मा के बीच एक-दूसरे के क्षेत्र और पहचान को लेकर मजाक हुआ। शो में समय ने शेरोन का परिचय बिहार से जुड़े संदर्भ के साथ कराया और कुछ ऐसी टिप्पणी की, जिस पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद शेरोन ने भी समय के कश्मीरी होने को लेकर जवाब दिया। दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे आपत्तिजनक बताया और आलोचना शुरू कर दी। इसी विवाद के बीच मनोज बाजपेयी की टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने एक तरफ कॉमेडी में खुद पर हंसने की क्षमता को जरूरी बताया, वहीं दूसरी ओर यह भी कहा कि हास्य के दौरान दूसरे व्यक्ति के सम्मान और उसकी पहचान का ध्यान रखना चाहिए।
Read more-जिस फिल्म का बजट था सिर्फ 2 करोड़, उसने कमा डाले 27 करोड़! जानिए कहां देख सकते हैं ‘हनुमान अंश’







