पॉपुलर यूट्यूबर अनुराग डोभाल इन दिनों बेहद मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। कुछ समय पहले उन्होंने सोशल मीडिया लाइव के दौरान आत्महत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद हुए गंभीर हादसे में उनके कूल्हे की दोनों हड्डियां टूट गईं। फिलहाल वह अस्पताल के आईसीयू में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है। इसी बीच उनके परिवार से जुड़ा एक नया विवाद सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। दरअसल, अनुराग के पिता ने सार्वजनिक तौर पर एक अखबार में विज्ञापन देकर उन्हें और उनकी पत्नी को अपनी संपत्ति से बेदखल करने की घोषणा कर दी है।
अखबार में दिया नोटिस, बेटे-बहू से कोई संबंध नहीं बताया
अनुराग डोभाल के पिता जगदम्बा प्रसाद डोभाल ने एक स्थानीय अखबार में विज्ञापन प्रकाशित कर साफ तौर पर लिखा कि उनका अपने बेटे और बहू से अब कोई संबंध नहीं है। इस नोटिस में उन्होंने कहा कि वे अपने पुत्र अनुराग डोभाल और पुत्रवधु ऋतिका चौहान डोभाल को अपनी सभी चल-अचल संपत्तियों से बेदखल करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में दोनों द्वारा किए जाने वाले किसी भी लेन-देन या कार्य के लिए वे और उनका परिवार जिम्मेदार नहीं होंगे। यह नोटिस सामने आने के बाद इसकी कटिंग सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
पहले भी परिवार पर लगाए थे गंभीर आरोप
कुछ दिन पहले अनुराग डोभाल ने अपने एक वीडियो में परिवार को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि उन्हें लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा है और परिवार के लोगों ने उन्हें काफी प्रताड़ित किया है। उन्होंने यह भी कहा था कि उनसे पैसा, रिश्ते और समर्थन सब कुछ छीन लिया गया है। अनुराग ने उस समय भावुक होकर यह तक कहा था कि अगर उनके साथ कुछ गलत होता है तो इसके लिए उनके माता-पिता जिम्मेदार होंगे। उनके इन बयानों ने पहले ही सोशल मीडिया पर बड़ी बहस छेड़ दी थी।
विवाद ने लिया नया मोड़, फैंस कर रहे अलग-अलग प्रतिक्रिया
अब पिता की ओर से जारी इस सार्वजनिक नोटिस के बाद पूरा मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया है। कई लोग इसे परिवार के अंदरूनी विवाद का गंभीर रूप मान रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच मतभेद काफी समय से चल रहे थे। फिलहाल अनुराग अस्पताल में इलाज करा रहे हैं और उनकी सेहत को लेकर भी उनके फैंस लगातार अपडेट का इंतजार कर रहे हैं। इस पूरे विवाद ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर एक सफल यूट्यूबर के निजी जीवन में इतनी बड़ी दरार कैसे आ गई।








