Tulsi Vivah 2026: हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का पर्व बेहद खास माना जाता है। हर साल इस दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह पूरे विधि-विधान से कराया जाता है। लेकिन साल 2026 में इस पर्व की तारीख को लेकर लोगों के बीच असमंजस बना हुआ है। कोई 20 नवंबर तो कोई 21 नवंबर को तुलसी विवाह की तारीख मान रहा है। पंचांग के अनुसार, कार्तिक शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि 21 नवंबर 2026 को सुबह 6 बजकर 31 मिनट पर शुरू होगी और 22 नवंबर को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर समाप्त होगी। ऐसे में उदया तिथि के आधार पर तुलसी विवाह 21 नवंबर, शनिवार को मनाया जाएगा। वहीं 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी का व्रत रखा जाएगा।
तुलसी विवाह 2026 का शुभ मुहूर्त, इस समय करें पूजा
तुलसी विवाह के लिए गोधूलि बेला को सबसे शुभ समय माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दौरान विवाह की रस्में पूरी करना विशेष फलदायी होता है। साल 2026 में 21 नवंबर को गोधूलि मुहूर्त शाम 5 बजकर 25 मिनट से 5 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। इसके अलावा ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 1 मिनट से 5 बजकर 55 मिनट तक रहेगा। वहीं अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक है। श्रद्धालु अपनी सुविधा और परंपरा के अनुसार पूजा की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि विवाह की मुख्य रस्मों के लिए गोधूलि बेला को प्राथमिकता दी जाती है।
क्यों किया जाता है तुलसी माता और शालिग्राम जी का विवाह?
धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, भगवान विष्णु चार महीने की योग निद्रा के बाद देवउठनी एकादशी पर जागते हैं। इसके अगले दिन तुलसी माता और शालिग्राम जी का विवाह कराया जाता है। इस पर्व पर तुलसी के पौधे को दुल्हन की तरह सजाया जाता है और भगवान शालिग्राम के साथ विवाह की सभी रस्में निभाई जाती हैं। मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इसके साथ ही परिवार में सुख-समृद्धि और वैवाहिक जीवन में खुशहाली आती है। तुलसी विवाह के साथ ही हिंदू धर्म में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत भी मानी जाती है।
(Disclaimer: यहां पर प्राप्त सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है। News India किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है।)







